नई दिल्ली : सितंबर महीना खत्म होने के साथ ही अक्टूबर माह की शुरुआत होने जा रही है। नए माह में कई बदलाव भी होते हैं। अक्तूबर के पहले ही दिन कुछ बड़े नियम भी बदलने जा रहे हैं। एक अक्तूबर से एलपीजी, सीएनजी के दाम में बदलाव के साथ कई अलग-अलग स्कीम्स में भी बदलाव होगा। ये बदलाव सीधे तौर पर आपकी जेब पर असर डालेंगे, लिहाजा आपके लिए इन बदलावों की जानकारी होना आवश्यक है।
एक अक्तूबर से जो नियम बदलने जा रहे हैं उसकी जानकारी हम आपके लिए लेकर आए हैं। जिसमे आधार, एलपीजी, पीपीएफ, सरकारी योजनाओं में बदलाव शामिल हैं। आइए डालते हैं एक नजर 1 अक्तूबर से होने वाले इन बदलावों पर।
एलपीजी के दाम में संशोधन
ऑयल मार्केंटिंग कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को घरेलू गैस (LPG Cylider) की कीमतों में बदलाव करती हैं। 1 अक्तूबर की सुबह 6 बजे से ही संशोधन देखने को मिल सकता है।
1 सितंबर को तेल कंपनियों ने कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में बदलाव किया था, अच्छी बात है कि घरेलू गैस सिलेंडर 14 किलोग्राम की कीमतों में पिछले कई महीनों से कोई बदलाव नहीं हुआ है।
आधार के नियम में बदलाव
सरकार ने एक बड़ा बदलाव किया है, जिसके तहत अब आप आयकर रिटर्न आधार इनरोलमेंट आईडी के जरिए नहीं कर पाएंगे। यही नहीं पैन कार्ड के आवेदन के लिए आधार इनरोलमेंट आई मान्य नहीं होगी। एक अक्तूबर से यह नियम बदलने जा रहा है। सरकार की ओर से यह कदम इसलिए उठाया गया है ताकि पैन कार्ड का दुरुपयोग और डुप्लिकेशन को रोका जा सके।
सुकन्या समृद्धि योजना में संशोधन
केंद्र सरकार ने बेटियों के लिए सुकन्या समृद्धि योजना की शुरुआत की है। इस योजना के तहत अगर दादा-दादी ने बेटी के लिए सुकन्या समृद्धि योजना के तहत अकाउंट खोला है तो इसे बेटी के माता-पिता को ट्रांसफर कर दिया जाएगा। यही नहीं अगर एक से अधिक अकाउंट खोला गया है तो उसे 1 अक्तूबर से बंद कर दिया जाएगा।
पीपीएफ के नियम में बदलाव
अगर 18 वर्ष से कम उम्र के नाम से पीपीएफ अकाउंट खोला गया है तो जबतक 18 वर्ष की आयु नहीं हो जाती है कि अकाउंट पर पोस्ट ऑफिस सेविंग अकाउंट की दर से ब्याज मिलेगा। 18 की उम्र के बाद ही पीपीएफ की ब्याज दर लागू होगी।
अगर एक से अधिक पीपीएफ अकाउंट हैं तो प्राइमरी अकाउंट पर मौजूदा ब्याज दर लागू होगी जबकि दूसरे अकाउंट को इसमे मर्ज कर दिया जाएगा। दो से अधिक अकाउंट होने पर उसपर कोई ब्याज नहीं मिलेगा और उसे भी प्राइमरी अकाउंट में मर्ज कर दिया जाएगा।
CNG-PNG-ATF में संशोधन
हर महीने की पहली तारीख को तेल कंपनियां हवाईं ईंधन (एटीएफ), सीएनजी-पीएनजी के दाम में संशोधन करती हैं। ऐसे में 1 अक्तूबर से नए दाम जारी किए जाएंगे। गौर करने वाली बात है कि 1 सितंबर को एटीएफ में कटौती की गई थी।







