नई दिल्ली। एलपीजी सिलेंडर का इस्तेमाल करते हैं तो यह जानकारी आपके लिए जरूरी है. मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव के कारण पेट्रोल-डीजल से लेकर गैस सिलेंडर तक की सप्लाई पर असर देखने को मिला था. इस दौरान तेल कंपनियों ने भी सिलेंडर की रिफिल बुकिंग का समय शहरी इलाकों के लिए 25 दिन और ग्रामीण इलाकों के लिए 45 दिन कर दिया था. लेकिन अब सरकार ने ग्रामीण इलाकों के उपभोक्ताओं को राहत दी है.
केंद्र सरकार ने 7 सितंबर को ग्रामीण इलाकों में सिलेंडर रिफिल बुकिंग को 45 दिन से घटाकर 25 दिन कर दिया है, जिसके बाद अब शहरी इलाकों के लोगों के मन में सवाल है कि क्या आने वाले समय में शहरी उपभोक्ताओं के लिए भी सिलेंडर रिफिल बुकिंग को 25 दिन से घटाकर 15 दिन किया जाएगा?
सिलेंडर बुकिंग में अंतर क्यों होता है?
दरअसल, एलपीजी की मांग और सप्लाई को देखते हुए तेल कंपनियां कुछ समय में बुकिंग के नियमों में बदलाव करती है. अगर मांग ज्यादा रहती है तो उसके आधार पर दो सिलेंडरों की बुकिंग के बीच कुछ समय का अंतर किया जाता है. इसके अलावा बुकिंग में अंतर रखने के पीछे कालाबाजारी को रोकना भी बड़ा कारण है.
क्या शहरी इलाकों में 25 से 15 होगा?
पेट्रोलियम मंत्रालय ने ईरान-अमेरिका जंग के दौरान गैस सप्लाई बाधित होने के बाद शहरी इलाकों में सिलेंडर रिफिल बुकिंग को 15 से 25 दिन कर दिया था. अब इस लिमिट को 15 कब तक किया जाएगा, अभी इसे लेकर तेल कंपनियों या सरकार ने किसी भी तरह की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है.
जल्दी खत्म होता है सिलेंडर?
कई घरों में सिलेंडर जल्दी खत्म हो जाता है. ये बात घर में कितने सदस्य और कितनी गैस का इस्तेमाल किया जाता है इस पर निर्भर करता है, लेकिन अगर आपका सिलेंडर जल्दी खत्म होता है तो आप डबल बॉटल कनेक्शन यानी DBC ले सकते हैं. वहीं जरूरत पड़ने पर आप 5 किलो वाला FTL सिलेंडर भी इस्तेमाल कर सकते हैं.







