शिमला : हिमाचल प्रदेश में टैक्सी यूनियनों के टकराव ने सूबे के माहौल को गरमा दिया है। सूबे की राजधानी शिमला में काम करने वाले सिरमौर जिले के लोग सड़कों पर हैं। धरना प्रदर्शन कर रहे इन लोगों का आरोप है कि शिमला जिला प्रशासन और शिमला पुलिस सिरमौर के टैक्सी ऑपरेटरों की शिकायत पर ध्यान नहीं दे रही है, जिससे इन लोगों का काम करना मुश्किल हो गया है। वहीं भाजपा ने सरकार पर पक्षपात का आरोप लगाया है। दूसरी ओर सरकार का कहना है कि सूबे में क्षेत्रवाद को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस रिपोर्ट में जानते हैं शिमला में क्यों आमने-सामने हैं दो टैक्सी यूनियनें…
दरअसल, शिमला में 16 जून को दो टैक्सी ऑपरेटरों के बीच विवाद हुआ था। अब यह लड़ाई सिरमौर और शिमला की टैक्सी यूनियनों के बीच छिड़ गई है। दोनों यूनियनों के ड्राइवर आमने सामने हैं। पुलिस ने दोनों ओर से प्राथमिकियां दर्ज की हैं। फिर भी बवाल शांत होता नहीं दिख रहा। सिरमौर की चूड़ेश्वर टैक्सी यूनियन ने शिमला पुलिस पर भेदभाव करने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि सरकार के दबाव में उसकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं की जा रही है। पहले भी दोनों टैक्सी यूनियनों के बीच खूनी संघर्ष देखा गया है।
अब एकबार फिर दोनों जिलों के लोग आमने सामने हैं। हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बुधवार को शिमला और सिरमौर जिलों के टैक्सी ऑपरेटरों के बीच संघर्ष को क्षेत्रीय रंग देने के प्रयासों की निंदा की। उन्होंने कहा कि राज्य में क्षेत्रवाद बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सिरमौर टैक्सी यूनियन के ग्रामीण विकास मंत्री अनिरुद्ध सिंह पर पक्षपात का आरोप लगाने और उनके इस्तीफे की मांग करने के एक दिन बाद विक्रमादित्य सिंह का यह बयान सामने आया है।
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह (Vikramaditya Singh) ने मंगलवार को कहा- हमारे मुख्यमंत्री और सरकार का स्पष्ट विचार है कि राज्य में क्षेत्रवाद को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा क्योंकि राज्य के सभी क्षेत्रों को एक ही पहचान माना जाता है। हमारी सरकार सभी क्षेत्रों के लोगों को रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार सभी वर्गों, धर्मों, जाति या क्षेत्र के लोगों का समर्थन करती है। उपायुक्त (डीसी) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) जल्द सभी पक्षों को लेकर कोई सौहार्दपूर्ण समाधान निकालेंगे।
बता दें कि मंगलवार को सिरमौर टैक्सी यूनियन के सदस्यों ने शिमला में उपायुक्त कार्यालय के बाहर धरना दिया। किराए को लेकर चल रहे विवाद को लेकर दोनों क्षेत्रों के टैक्सी यूनियन के सदस्यों में पिछले हफ्ते हाथापाई हुई थी। शिमला टैक्सी यूनियन को शांत करने की कोशिश करते हुए ग्रामीण विकास मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने सोमवार को कहा था कि शिमला में पर्यटक वाहनों से संपर्क करने वाले सिरमौर के गाइडों को हटा दिया जाएगा। इस बयान से तनाव और बढ़ गया।







