नई दिल्ली । भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आइआइटी) दिल्ली ने स्नातकोत्तर के छात्रों के फीस वृद्धि के प्रस्ताव को वापस ले लिया है। आइआइटी ने ये निर्णय छात्रों के विरोध प्रदर्शन के बाद लिया है। पहले एमटेक, पीएचडी और एमएससी के छात्रों की ट्यूशन फीस में 150 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई थी लेकिन छात्रों के लगातार विरोध करने के बाद आइआइटी ने अपने इस प्रस्ताव को वापस लेकर 115 प्रतिशत कर दी है।
विरोध के बाद वापस लिया प्रस्ताव
पहले एमटेक के छात्रों को सभी शुल्क मिलाकर प्रति सेमेस्टर 66 हजार रूपये देने थे , लेकिन अब 53 हजार रूपये ही देने होंगे। आइआइटी ने 13 हजार रुपये कम किए हैं। वहीं, ट्यूशन शुल्क भी 25 हजार रुपये प्रति सेमेस्टर से घटाकर 17,500 रुपये प्रति सेमेस्टर कर दिया गया है।
पीएचडी की फीस भी घटी
पीएचडी की ट्यूशन फीस भी दस हजार रुपये बढ़ाई गई थी जिसे अब घटाकर 7500 रूपये करने का फैसला लिया गया है। ये निर्णय पीजी के उन छात्रों के लिए है जिन्होंने सत्र 2021-22 या उसके बाद दूसरे सेमेस्टर में दाखिला लिया है।







