रुद्रप्रयाग: रुद्रप्रयाग जनपद में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर केदारनाथ यात्रा को एहतियातन अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर रोका जा रहा है। मौसम विभाग ने रुद्रप्रयाग जिले में भारी बारिश, तेज आंधी-तूफान और भूस्खलन की प्रबल संभावना जताई है।
मौसम विभाग की ओर से जनपद रुद्रप्रयाग में आज भारी वर्षा और आंधी-तूफान का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। रुद्रप्रयाग जनपद में देर रात से लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग के हालात और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग द्वारा केदारनाथ यात्रा को अस्थायी तौर पर रोक दिया गया है।
मौसम सामान्य होने तक आगे जाने की अनुमति नहीं
जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि मौसम सामान्य होने तक किसी भी यात्री को आगे जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने सभी सेक्टर अधिकारियों, पुलिस प्रभारी और संबंधित विभागों को यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।
तुरंत सभी यात्रियों को जहां हैं तहां रुकने को कहा गया
केदारनाथ पैदल मार्ग पर आवागमन कर रहे सभी यात्रियों को तत्काल प्रभाव से निकटतम होल्डिंग स्थल और सुरक्षित स्थानों पर रोका जा रहा है। मौसम सामान्य होने तक किसी भी यात्री को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं होगी। सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, पुलिस, डीडीआरएफ, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ के साथ ही संबंधित विभाग अलर्ट पर हैं।
यात्रियों से संयम बनाए रखने की अपील की गई है
जिला प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्री संयम बनाए रखें और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने में सहयोग करें। यह निर्णय पूरी तरह से यात्रियों की सुरक्षा के लिए लिया गया है। बता दें कि मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा आज उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले में कहीं-कहीं ओलावृष्टि और झोंकेदार हवाएं चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि प्रदेश के अन्य पर्वतीय क्षेत्रों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, तेज हवाएं चलने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दूर होने की चेतावनी जारी की गई है।







