नई दिल्ली: पंजाब के सीएम भगवंत मान ने कहा कि आज का दिन एतिहासिक है क्योंकि आज घर-घर राशन पहुंचे की स्कीम लागू हुई है. अरविंद केजरीवाल ने देश को काम वाली राजनीति की दिशा दिखाई है. आपको बता दें दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद से अरविंद केजरीवाल लगातार राशन की डोर स्टेप डिलीवरी शुरू करने की कवायद में जुटे हैं.
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का एक अधूरा सपना आज पंजाब में पूरा हो गया. जिस महत्वकांक्षी योजना राशन की डोर स्टेप डिलीवरी को अरविंद केजरीवाल पिछले कई सालों से लागू करने की कोशिश कर रहे थे वो आज 10 फरवरी से पंजाब में शुरू हो गई है.
दरअसल, पंजाब सरकार की महत्वपूर्ण योजना ‘घर-घर राशन’ शुरू हो गई है जिसका आगाज एशिया की सबसे बड़ी अनाज मंडियों में शुमार पंजाब के लुधियाना जिले के खन्ना अनाज मंडी में एक बड़ी सभा में किया गया. खन्ना के अमलोह में लाभार्थियों के परिवारों के बीच जाकर की आप संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस योजना की शुरुआत की.
लोगों को क्या-क्या मिलेगी सुविधाएं?
पंजाब सरकार के मुताबिक घर-घर राशन योजना के तहत लाभार्थियों को हर महीने घर पर ही मुफ्त राशन की डिलिवरी मिलेगी. इतना ही लाभार्थियों के पास आटा या अनाज का विकल्प रहेगा. पंजाब सरकार का दावा है कि इस योजना के चालू होने से लोगों को ना तो घर से बाहर निकलना पड़ेगा और ना ही लंबी लाइनों में लगना होगा. अनाज की कालाबाजारी पर भी लगाम लगेगी. साथ ही पंजाब सरकार 1500 से ज्यादा युवाओं को डिलीवरी एजेंट के तौर पर रोजगार भी देगी. पंजाब सरकार के मुताबिक पंजाब में तकरीबन 38 लाख राशनकार्ड होल्डर हैं और 1 करोड़ 46 लाख लाभार्थी हैं जिन्हें 20,500 सरकारी राशन की दुकानों से राशन सप्लाई होता है.
केजरीवाल का केंद्र पर हमला
आपको बता दें दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद से अरविंद केजरीवाल लगातार राशन की डोर स्टेप डिलीवरी शुरू करने की कवायद में जुटे हैं लेकिन केंद्र सरकार और दिल्ली सरकार के बीच चली आ रही तनातनी के चलते योजना लागू नहीं हो पाई और फाइलों पर ही सिमटकर रह गई. शुक्रवार को भी दिल्ली में एक स्कूल की बिल्डिंग के शिलान्यास के दौरान अरविंद केजरीवाल ने योजना को कथित तौर पर लागू ना होने देने के लिए केंद्र सरकार पर हमला बोला था और कहा था कि दिल्ली में ना सही हम पंजाब में राशन की डोर स्टेप डिलीवरी करके दिखाएंगे उसके बाद दिल्ली में भी लागू करने की कोशिश करेंगे.







