नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने पर्थ में एक बार फिर से अपनी बल्लेबाजी से सभी का दिल जीत लिया है। विराट कोहली ने 18 महीने बाद टेस्ट में शतक जड़ दिया है। विराट कोहली ने काफी तेजी से ये शतक जड़ा है। कोहली ने अर्धशतक के बाद अपनी गति बढ़ाई और केवल 143 गेदों पर शतक पूरा कर लिया है।
कोहली ने इस पारी में 8 चौके और 2 छक्के जड़े हैं। ये उनका टेस्ट में 30वां शतक है और इसी के साथ उन्होंने डॉन ब्रेडमैन के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। ये विराट कोहली की ऑस्ट्रेलिया में सातवीं सेंचुरी है और इसी के साथ उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में शतक के मामले में सचिन तेंदुलकर को भी पीछे छोड़ दिया है जिनके 6 शतक है। कोहली ऑस्ट्रेलिया में सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं।
विराट कोहली पर्थ में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच की पहली पारी में कुछ कमाल नहीं कर पाए थे और केवल 5 रनों पर आउट हो गए थे। लेकिन दूसरी इनिंग में दमदार तरीके से उतरे और शुरुआत से ही बेहतरीन लय में नजर आए। कोहली ने इस शतक की बदौलत अपने सारे आलोचकों को मुंहतोड़ जवाब दे दिया है। विराट कोहली को ये मैदान काफी पसंद है। उन्होने इससे पहले भी 2018 में पर्थ में शतक जड़ा था हालांकि टीम को जीत नहीं दिला पाए थे।
मजबूत स्थिति में भारतीय टीम भारतीय क्रिकेट टीम मैच में काफी मजबूत स्थिति में पहुंच गई है। टीम ने पहली पारी को बाद 46 रनों की बढ़त हासिल की और दूसरी इनिंग में 487 रनों पर पारी घोषित करके ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 533 रनों का टार्गेट दे दिया है। ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम ने आज तक इतना बड़ा लक्ष्य हासिल नहीं किया है। ऐसे में मैच लगभग भारत की झोली में आ गया है।







