नई दिल्ली : संसद के मानसून सत्र में विपक्ष की तरफ से लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर बुधवार को राहुल गांधी ने कांग्रेस की तरफ से अपनी बात रखी और केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अहंकार से भरे हुए हैं और ये देश अंहकार को कभी स्वीकार नहीं करता। राहुल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा ने ही मणिपुर में भारत मां की हत्या की है।
वहीं, अपने भाषण में राहुल गांधी ने पीएम मोदी की तुलना रावण से की। राहुल गांधी ने कहा, ‘रावण केवल दो लोगों की बातें सुनता था, एक मेघनाद और दूसरा कुंभकर्ण। इसी तरह पीएम नरेंद्र मोदी भी केवल दो लोगों की सुनते हैं, एक हैं अमित शाह और दूसरे अडानी। लंका को हनुमान ने नहीं जलाया था, लंका को रावण के अहंकार ने जलाया था। राम ने रावण को नहीं मारा था…रावण के अहंकार ने रावण को मारा था।’
राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर बरसते हुए कहा, ‘आप पूरे देश में केरोसिन फेंक रहे हो। आपने मणिपुर में केरोसिन फेंकी और फिर चिंगारी लगा दी। यही काम आप हरियाणा में कर रहे हैं। आप पूरे देश में आग लगाना चाहते हो। आप पूरे देश में भारत माता की हत्या करने में लगे हो।’ हालांकि इस दौरान स्पीकर ओम बिरला ने राहुल गांधी को हिदायत भी दी। उन्होंने कहा कि ये सदन है और आप संयमित भाषा इस्तेमाल करें।’
‘ज्यादा आक्रमण नहीं करूंगा, केवल एक दो गोले फेंकूंगा’
इससे पहले राहुल गांधी ने अपने भाषण की शुरुआत करते हुए कहा, ‘स्पीकर सर, सबसे पहले मैं आपको धन्यवाद देना चाहता हूं, क्योंकि आपने मेरी सदस्यता बहाल की। पिछली बार जब मैं बोला था, तो मैंने आपको कष्ट पहुंचाया था और साथ ही भाजपा के नेताओं को भी कष्ट पहुंचाया, क्योंकि मैंने अडानी के ऊपर बहुत ज्यादा बोला था। लेकिन, आज मैं ज्यादा आक्रमण नहीं करूंगा, केवल एक दो गोले फेंकूंगा। आज मैं दिमाग से नहीं, दिल से बोलना चाहता हूं।’
‘देशभक्त नहीं, बल्कि देशद्रोही हैं ये लोग’
राहुल गांधी ने कहा, ‘भाजपा की विचारधारा ने मणिपुर में भारत माता की हत्या की है। कुछ दिन पहले मैं मणिपुर गया, लेकिन हमारे प्रधानमंत्री अभी तक भी मणिपुर नहीं गए हैं, क्योंकि इनकी नजर में मणिपुर भारत का हिस्सा ही नहीं है। इन लोगों ने मणिपुर को दो हिस्सों में बांट दिया है। ये लोग देशभक्त नहीं, बल्कि देशद्रोही हैं।







