नई दिल्ली। मेट्रो में सफर करने वाले यात्रियों को जल्द ही बड़ी गुड न्यूज मिल सकती है। आने वाले समय में ग्रेटर नोएडा-नोएडा और दिल्ली मेट्रो में लोग एक ही कार्ड से ही सफर कर सकेंगे। उनको अलग-अलग कार्ड लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसको लेकर डीएमआरसी और एनएमआरसी काम कर रहे हैं।
नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड शुरू करने से पहले सभी तकनीकी दिक्कतें दूर की जा रही हैं। यह जानकारी एनएमआरसी के प्रबंध निदेशक डॉ. लोकेश एम ने दी। नोएडा-ग्रेनो के बीच मेट्रो चलते हुए गुरुवार को पांच साल हो गए। इस मौके पर नोएडा मेट्रो लाइन पर सफर के लिए नया ट्रेवल कार्ड लॉन्च किया गया। सेक्टर-18 एक निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम में नए ट्रेवल कार्ड को चंद्रयान-3 की थीम पर लॉन्च किया गया है। जल्द ही ये कार्ड लोगों को मिलने शुरू हो जाएंगे।
एनएमआरसी के प्रबंध निदेशक ने बताया कि एक जनवरी 2023 से करीब आठ हजार लोग कार्ड का इस्तेमाल कर रहे हैं। नए कार्ड पर चंद्रयान-3 की फोटो भी शामिल की गई है, जिसे हम सभी देश सफलता के तौर पर देखते हैं। यह कार्ड एसबीआई और एनएमआरसी के जरिए संयुक्त रूप से तैयार हो रखा है। कार्यक्रम में एनएमआरसी के कार्यकारी निदेशक सतीश पाल, पंकज कुमार, कनिष्क, निशा वधावन आदि उपस्थित थे।
नए नाम पर सुझाव मांगे
प्रबंध निदेशक ने एक बार फिर लोगों से अपील की है कि नोएडा-ग्रेनो के बीच चलने वाली एक्वा लाइन की जगह नया नाम रखने के लिए अपने स्तर से नाम सुझाएं। जो बेहतर होगा, वह नया नाम रखा जाएगा। एक्वा लाइन अंग्रेजी का शब्द है। नाम वह हो, जो लोकल से जुड़े।







