प्रकाश मेहरा
दिल्ली : दक्षिणी दिल्ली के पॉश इलाके साउथ एक्स में रविवार रात सैर के लिए निकली नाबालिग के साथ छेड़छाड़ की गई। 55 वर्षीय अधेड़ ने लड़की को खींचकर सुनसान जगह पर ले जाने की कोशिश भी की। पुलिस ने आरोपी सुंदर लाल को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस उपायुक्त चंदन चौधरी ने बताया कि 17 वर्षीय पीड़िता परिवार के साथ साउथ एक्स पार्ट-1 में रहती है और पढ़ाई करती है। आरोपी 55 वर्षीय सुंदर लाल भी साउथ एक्स पार्ट-1 में ही रहता है। पीड़िता ने बताया कि वह रविवार रात को भोजन के बाद सैर के लिए निकली थी। इसी दौरान वहां से गुजर रहे आरोपी ने उसे पकड़ लिया और गलत तरीके से छूने लगा। उसे जबरन खींचकर सुनसान जगह पर ले जाने की कोशिश की, लेकिन पीड़िता ने विरोध किया।
शोर सुनकर लोगों की भीड़ जमा हो गई और उसे पकड़ लिया। कोटला मुबारकपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पीड़िता की काउंसलिंग ‘के कराई और परिजनों के साथ घर भेज दिया।







