शिमला: देश के कई हिस्सों में भारी बारिश के बाद जनजीवन अस्त-व्यस्त है. वायनाड में आए भूस्खलन ने भारी तबाही मचाई, तो वहीं हिमाचल प्रदेश में बादल फटने से बड़ा नुकसान हुआ है. प्रदेश के लाहौल और स्पीति में बादल फटने के बाद पानी के तेज बहाव में दो पुल बह गए. जानकारी के मुताबिक, दो अगस्त को बादल फटने से मनाली-लद्दाख रोड पर कुपाता ब्रिज और बेली ब्रिज को नुकसान पहुंचा है.
अचानक आई बाढ़ में दो पुल ढहे, यातायात बाधित
बीआरओ के ओआईसी आशुतोष गाडेकर ने बताया, दो अगस्त को रात करीब 8:30 बजे बादल फटा, इसमें एक बेली ब्रिज और नवनिर्मित पुल बह गया. हमारी टीम काम कर रही है, हम 2-3 दिनों में रास्ता फिर से खोल देंगे. हम 2-3 दिनों में एक नया पुल बनाएंगे. उन्होंने बताया कि प्रदेश में बादल फटने और भारी बारिश से अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन की वजह से कई सड़कें बंद हो गई हैं.
मंडी में बादल फटने की घटनाओं में मृतकों की संख्या 11
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में दो और शव मिलने के साथ ही राज्य के तीन जिलों में बादल फटने से अचानक आई बाढ़ में मरने वालों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है. इकत्तीस जुलाई की रात में कुल्लू के निरमंड, सैंज और मलाणा, मंडी जिले के पधर और शिमला के रामपुर उपखंड में बादल फटने की कई घटनाओं ने भारी तबाही मचाई थी. इन घटनाओं के बाद अब भी 40 से अधिक लोग लापता हैं. बचाव अभियान अब भी जारी है और लापता लोगों का पता लगाने के लिए खोजी कुत्तों, ड्रोन और अन्य उपकरणों की मदद ली जा रही है.
हिमाचल में 7 अगस्त तक भारी बारिश की संभावना
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने चेतावनी देते हुए कहा है कि हिमाचल में 7 अगस्त तक भारी बारिश जारी रहने की संभावना है. यहां के अलावा पश्चिमी मध्य प्रदेश, पूर्वी राजस्थान और गुजरात, कोंकण, गोवा और महाराष्ट्र में अत्यधिक भारी वर्षा होगी जिसे लेकर हमने रेड अलर्ट जारी किया गया है.







