नई दिल्ली। देश की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (FM Nirmala Sitharaman) ने बजट 2025-26 पेश कर दिया है। बजट से मिडिल क्लास को बड़ी राहत मिली है। बजट में 12 लाख रुपये तक की इनकम पर टैक्स से छूट की घोषणा की गई है। मोदी सरकार के मंत्री भी बजट की खूबियां जमकर बता रहे हैं। केंद्रीय सड़क और परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने बजट को शानदार बताया।
नितिन गडकरी ने कहा, “देश के इंफ्रास्ट्रक्चर को वित्त मंत्री हमेशा से प्राथमिकता देती रही हैं और इस बार के बजट में भी यही दिखा है। मुझे खुशी है कि वित्त मंत्री ने कृषि विभाग की ओर विशेष ध्यान दिया है। कृषि का उत्पादन कैसे बढ़े, इसकी ओर भी वित्त मंत्री ने ध्यान दिया है।”
नितिन गडकरी ने कहा, “इस बजट में मध्यम और गरीब वर्ग का ध्यान रखा गया है। 12 लाख की इनकम पर टैक्स छूट दी गई है। इससे पब्लिक प्राइवेट इन्वेस्टमेंट भी आकर्षित होगा। इससे रोजगार भी बढ़ेगा और देश की भी ग्रोथ बढ़ेगी। जहां तक ट्रांसपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर की बात है, हम 22 लाख करोड़ के फॉसिल फ्यूल को इंपोर्ट करते हैं। यह हमारे लिए समस्या है और बायोफ्यूल को हम प्रोत्साहित कर रहे हैं। बजट के हिसाब से इलेक्ट्रिक व्हीकल सस्ती होगी।”







