नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (BJP) अध्यक्ष नितिन नबीन की तिरंगे वाली फोटो के साथ कथित छेड़छाड़ के मामले में दिल्ली बीजेपी ने पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की. दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने आरोप लगाया कि कुछ असमाजिक तत्वों द्वारा राष्ट्रीय ध्वज का अपमान करते हुए BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के हाथ में उल्टा राष्ट्रीय ध्वज दिखाती नकली तस्वीर बनाकर सोशल मीडिया के विभिन्न माध्यमों X, इंस्टाग्राम, फेसबुक, वाट्सएप आदि पर डाल कर देश में विवाद उत्पन्न करने की कोशिश की है.
हर्ष मलहोत्रा ने इस हरकत की निंदा करते हुए दिल्ली पुलिस से बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन की तस्वीर से छेड़छाड़ कर उसको सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में मुकदमा दर्ज करने की मांग की है.
दिल्ली पुलिस को सौंपा शिकायत पत्र
हर्ष मल्होत्रा के निर्देश पर इस संदर्भ में दिल्ली बीजेपी का तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल विशेष पुलिस आयुक्त देवेश श्रीवास्तव से मिला और उनको एक शिकायत पत्र सौंपा. उन्होंने मामले की विस्तृत जांच और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है. बता दें कि इस प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश भाटिया, मंत्री गौरव खारी और लीगल सैल के कनवीनर एडवोकेट नीरज शामिल थे.
हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि हताश विपक्ष लगातार सोशल मीडिया का दुरुपयोग करके देश का वातावरण बिगाड़ने का प्रयास कर रहा है, लेकिन बीजेपी कार्यकर्ता विपक्ष के कुप्रयासों को कभी सफल नही होने देंगे.
कांग्रेस नेता अरुण साहू के खिलाफ FIR दर्ज
वहीं छत्तीसगढ़ में नितिन नबीन के अपने आवास पर फहराए गए तिरंगे के चित्र से छेड़छाड़ के आरोप में कांग्रेस नेता अरुण साहू के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. साहू बेमेतरा जिला कांग्रेस आइटी सेल के अध्यक्ष हैं. बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.







