सतीश मुखिया
मथुरा: भगवान श्री कृष्ण की नगरी मथुरा में हुई असमय बारिश ने आमजन जीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है और पूरे मथुरा शहर में जगह-जगह नाली, नाले ओवरफ्लो होकर सड़कों पर खुले आम बह रहे हैं और कच्ची कॉलोनी में खाली प्लाटों में नालियों का पानी जमा होने के कारण नगर निगम मथुरा वृंदावन के क्षेत्र व ग्रामीण क्षेत्र में मच्छरों व कीटों की भरमार हो गई है। कल हुई वर्षा के कारण मथुरा शहर में भारी जाम लग गया और मल मूत्र नालियों से निकलकर सड़कों पर खुले आम बहने लगे।

स्थानीय निवासियों ने इनका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया कि कैसे कचरा, अपशिष्ट इन नालों और नालियों के पानी के साथ बहते हुए मां यमुना में जा रहा है और शाम को आरती के समय घाटों पर इकट्ठा हो गया। जिससे आम श्रद्धालु और दर्शनार्थियों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ा। इसके बाद भी नगर निगम द्वारा कोई भी कार्यवाही नहीं की जा रही है और कीटनाशकों के छिड़काव व फागिंग के नाम पर खानापूर्ति की जा रही है। आम जनता को मच्छर जनित एवं संक्रामक रोगों का भय सता रहा है। नगर के लोगों ने नियमित फागिंग कराने एवं कीटनाशकों के छिड़काव की मांग की है।
इन दिनों लगातार रूक-रूक कर बारिश हो रही है। बारिश के चलते कई स्थानों पर जलभराव हो गया है। मथुरा की कच्ची कॉलोनियों राधेश्याम कॉलोनी, सराय आजमाबाद, सरस्वती कुंड, पंचशील कॉलोनी, कुंज नगर चंदन नगर, विकास नगर, कोटा, जयसिंहपुर, सदर, वृंदावन गेट आदि शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव व कीचड़ के चलते मच्छरों और कीट पतंगों की भरमार हो गई है। शाम होते ही मच्छर व कीट पतंगे मंडराने लगते हैं।
बिजली की आवाजाही से लोगों को सुकून नहीं मिलता है। बिजली जाने पर पंखा, कूलर बंद होते मच्छरों के डंक से लोग परेशान होने लगते हैं। मच्छरों व कीट पतंगों के बचाव के लिए नगर निगम द्वारा फागिंग कराने के साथ ही कीटनाशकों का भी छिड़काव किया जाता है। लेकिन फागिंग व कीटनाशकों के छिडकाव के नाम पर खानापूर्ति होती अधिक नजर आ रही है।
शहर के विभिन्न नागरिकों ने बताया कि जलभराव व कीचड़ के चलते मच्छरों और कीट पतंगों की भरमार हो गई है। इसके बाद भी नगर निगम द्वारा समुचित उपाय नहीं किए जा रहे हैं। कभी कभार कीटनाशक के छिड़काव के नाम पर सफेद पानी का छिड़काव कर दिया जाता है। ऐसे में छिड़काव का कोई फायदा होता नजर नहीं आ रहा है। इसी तरह फागिंग भी सभी मोहल्लों में नहीं की जा रही है। जिसके चलते कई मोहल्लों के लोग परेशान हैं।
उन्होंने नगर निगम प्रशासन से जनहित में नगर निगम के सभी मोहल्लों में नियमित फागिंग कराने एवं कीटनाशकों का सही मात्रा में छिड़काव कराने की मांग की है और कहां असम में बारिश होने के कारण आम जनता को भयंकर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, विद्युत विभाग द्वारा भी बिजली को पूरे 24 घंटे नहीं दिया जा रहा जिससे बुजुर्ग और छोटे बच्चों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।







