कोलंबो: भारत और पाकिस्तान (IND vs PAK) के बीच कुछ ही घंटों में एशिया कप 2023 (Asia Cup 2023) का मुकाबला शुरू होने वाला है। कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम पर यह मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच में सभी की निगाहें भारतीय कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) पर होंगी। पिछले मैच में पाकिस्तान के खिलाफ रोहित शाहीन अफरीदी के खिलाफ बैटर हार गए थे। अब इसका राउंड टू होगा। जहां रोहित पलटवार करने के इरादे से मैदान पर उतरेंगे।
10 हजार से 78 रन दूर
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने 2007 में वनडे डेब्यू किया था। 2013 में नियमित ओपनर बनने से पहले उनके 2000 रन भी नहीं थे। लेकिन अब रोहित 10 हजार वनडे रन पूरे करने के मुहाने पर खड़े हैं। पाकिस्तान के खिलाफ इस मुकाबले में टीम इंडिया के कप्तान अगर 78 रन बना लेते हैं तो वनडे में 10000 रन पूरे करने वाले 15वें बल्लेबाज बन जाएंगे। अभी रोहित के 246 मैच की 239 पारियों में 9922 रन हैं। इस दौरान भारतीय कप्तान ने 30 शतक भी जड़े हैं। वनडे क्रिकेट इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर 264 रन रोहित ने ही बनाए हैं।
दूसरे सबसे तेज 10 हजारी होंगे
रोहित शर्मा के पास वनडे में दूसरे सबसे तेज 10 हजारी बनने का भी मौका है। सबसे कम पारियों में यहां पहुंचने का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम है। विराट ने 205 पारियों में ही अपने 10 हजार रन पूरे कर लिए थे। अभी दूसरे नंबर पर सचिन तेंदुलकर है। वनडे में 10 हजार रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज सचिन ने यहां पहुंचने के लिए 259 पारियां ले थी। रोहित अगली 19 पारियों में 78 रन बना लेंगे तो भी सचिन का रिकॉर्ड तोड़ देंगे।
सबसे ज्यादा रन सचिन के नाम
क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर के नाम वनडे क्रिकेट इतिहास में सबसे ज्यादा रन हैं। उन्होंने 18426 रन बनाए हैं। दूसरे नंबर पर 14234 रनों के साथ श्रीलंका के कुमार संगकार हैं। एक्टिव खिलाड़ियों में विराट कोहली के सबसे ज्यादा 12902 रन हैं। कोहली के अलावा किसी भी एक्टिव खिलाड़ी के नाम 10 हजार रन नहीं है। क्रिस गेल ने अभी तक संन्यास नहीं लिया है लेकिन चार साल से वनडे नहीं खेल रहे। भारतीय बल्लेबाजों में राहुल द्रविड़, सौरव गांगुली और एमएस धोनी के भी इस फॉर्मेट में 10 हजार रन हैं।







