शिमला : देशभर में मॉनसून के चलते भारी बारिश हो रही है. लगातार हो रही बारिश कई राज्यों के लिए आफत बनकर आई है. मंडी में बंजार औट बाईपास को औट से जोड़ने वाला 40 साल पुराना पुल व्यास नदी के उफान में बह गया है. पुल का नदी में बहने का वीडियो भी सामने आया है. वीडियो में पुल चंद सेकंड के अंदर ही पानी के बहाव में बहता नजर आ रहा है.
पहाड़ी राज्यों में जलप्रलय
मौसम विभाग के पूर्वानूमान के मुताबिक जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अभी दो दिन और जमकर बारिश होगी. ये राज्य पहले से ही बारिश के चलते मुसीबत झेल रहे हैं. कुल्लू में व्यास नदी में उफान के चलते चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग 3 का एक हिस्सा बह गया. जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में भी बारिश के भूस्खलन की तस्वीरें सामने आई हैं. ऐसे में मौसम विभाग का ये पूर्वानूमान पहाड़ी राज्यों की मुश्किलें और बढ़ा सकती है. फिलहाल तीनों ही राज्यों में प्रशासन हाई अलर्ट पर है.
हिमाचल में बारिश से तबाही
भारी बारिश के चलते मनाली और कुल्लू के बीच कई स्थानों पर भूस्खलन के मामले भी सामने आए हैं. इसके चलते कुल्लू-मनाली और मनाली से अटल टनल और रोहतांग के बीच का रास्ता बंद कर दिया गया है. भारी बारिश के चलते पूरा कुल्लू और मनाली पानी में डूबा नजर आ रहा है. यहां की नदियां और नाले उफान पर हैं. सरकार ने राज्य के सभी स्कूल और शिक्षण संस्थान आगामी 10 और 11 जुलाई को बंद रखने के निर्देश दिए हैं. राज्य में पिछले 24 घंटे के बारिश के चलते 5 व्यक्तियों की मौत की भी खबर है.
ये राष्ट्रीय राजमार्ग हुए बंद
शनि मंदिर औट के पास भूस्खलन और पहाड़ों से चट्टानें खिसकने के कारण मंडी-कुल्लू राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गया. भूस्खलन के कारण कटौल होते हुए मंडी-कुल्लू मार्ग भी बंद हो गया है. पंडोह-गोहर-चैलचौक-बग्गी-सुंदरनगर सड़क खुली लेकिन भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित है.
हिमाचल प्रदेश के मंडी में बंजार औट बाईपास को औट से जोड़ने वाला 40 साल पुराना पुल व्यास नदी के उफान में बह गया है. इससे काफी नुकसान हुआ है.







