नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस गर्व और सम्मान के साथ मनाने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करें और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लें। उन्होंने लोगों से अपने घरों पर तिरंगा फहराने और स्वतंत्रता दिवस के जश्न में उत्साह के साथ शामिल होने का आह्वान किया।
पीएम मोदी ने कहा, ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा, हर मन तिरंगा।’ उन्होंने लोगों से अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने और स्वतंत्रता दिवस के जश्न में उत्साह के साथ शामिल होने का आह्वान किया।
मंगलवार को पीएम मोदी ने कहा, ‘आइए हम सभी लोग 15 अगस्त आन-बान-शान के साथ मनाएं। स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दें और विकसित भारत के संकल्प लें। हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा, हर मन तिरंगा। आइए हर घर पर तिरंगा लहराइए।’
लाल किले पर पहली बार गाया जाएगा वंदे मातरम्
केंद्र सरकार ने सोमवार को घोषणा की कि 15 अगस्त को ऐतिहासिक लाल किले पर स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान पहली बार राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् गाया जाएगा और इस कार्यक्रम की थीम 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में युवा शक्ति का योगदान होगी।
भारत 15 अगस्त को अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दिल्ली के लाल किले से स्वतंत्रता दिवस समारोह का नेतृत्व करेंगे।
रक्षा सचिव आरके सिंह ने कहा कि लाल किले में होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान युवाओं की उपलब्धियों और योगदान को रेखांकित करने की योजना जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन से पहले ही तय की जा चुकी थी। उन्होंने कहा, ‘विकसित भारत की दिशा में हमारी यात्रा में युवा बेहद महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, क्योंकि वे इसमें योगदान भी देंगे और उम्मीद है कि इसका लाभ भी उठाएंगे। यही एकमात्र वजह है।’
एमआई-17 हेलीकॉप्टर बरसाएगा फूल
रक्षा सचिव के अनुसार, प्रधानमंत्री के लाल किले पहुंचने पर वंदे मातरम् का गायन होगा। इसके बाद प्रधानमंत्री राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और राष्ट्र के नाम पारंपरिक संबोधन देंगे। भारतीय वायुसेना का एमआई-17 हेलीकॉप्टर वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में एक बैनर लेकर लाल किले के ऊपर से उड़ान भरेगा और वहां मौजूद लोगों पर फूल बरसाएगा।







