प्रकाश मेहरा
विशेष डेस्क
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री Narendra Modi ने रविवार को दिल्ली में करीब 33,500 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में नई मेट्रो लाइनें और हजारों आवासीय इकाइयों का निर्माण शामिल है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस International Women’s Day के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने कहा कि दिल्ली सिर्फ भारत की राजधानी ही नहीं, बल्कि देश की पहचान और ऊर्जा का प्रतीक भी है। उन्होंने कहा कि दिल्ली का विकास केवल एक शहर का विकास नहीं, बल्कि पूरे देश की छवि से जुड़ा हुआ है।
महिला आवंटियों को सौंपी गई 2722 फ्लैट्स की चाबी
कार्यक्रम की शुरुआत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरोजिनी नगर में जनरल पूल रेजिडेंशियल अकोमोडेशन (GPRA) के टाइप-5 क्वार्टरों का दौरा किया और महिला आवंटियों को नए फ्लैट्स की चाबियां सौंपीं। इस दौरान 2,722 नवनिर्मित फ्लैट्स का उद्घाटन किया गया।
इसके साथ ही GPRA पुनर्विकास योजना के तहत लगभग 15,200 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 6,632 अतिरिक्त फ्लैट्स और अन्य परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी गई। इस योजना का उद्देश्य दिल्ली में सरकारी कर्मचारियों के लिए आधुनिक और बेहतर आवास उपलब्ध कराना है।
दिल्ली मेट्रो के दो नए कॉरिडोर का उद्घाटन
प्रधानमंत्री ने इस मौके पर Delhi Metro Rail Corporation द्वारा विकसित दिल्ली मेट्रो के दो नए कॉरिडोर का भी उद्घाटन किया। पहला कॉरिडोर 12.3 किलोमीटर लंबा मजलिस पार्क–मौजपुर बाबरपुर (Pink Line) है। दूसरा कॉरिडोर लगभग 9.9 किलोमीटर लंबा दीपाली चौक–मजलिस पार्क (Magenta Line) है। इन दोनों कॉरिडोर के शुरू होने से राजधानी के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में यात्रा करना और अधिक आसान हो जाएगा।
इन इलाकों को मिलेगा बड़ा फायदा
DMRC के अनुसार, इन नए मेट्रो विस्तार से दिल्ली के कई इलाकों को सीधा लाभ मिलेगा। इनमें बुराड़ी, जगतपुर-वजीराबाद, खजूरी खास, भजनपुरा, यमुना विहार, मधुबन चौक, हैदरपुर बादली मोड़, भलस्वा और मजलिस पार्क जैसे क्षेत्र शामिल हैं। मेट्रो नेटवर्क के विस्तार से न केवल कनेक्टिविटी बेहतर होगी, बल्कि राजधानी में ट्रैफिक जाम की समस्या को कम करने में भी मदद मिलेगी।







