नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को प्रसारित ‘मन की बात’ के 136वें एपिसोड में उत्तर प्रदेश की जमकर सराहना की. उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत उत्तर प्रदेश में जनशक्ति का अद्भुत संकल्प देखने को मिला.
प्रधानमंत्री ने कहा कि 12 जुलाई को प्रदेश में एक ही दिन 35 करोड़ से अधिक पौधे लगाए गए, जो पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि है. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश से सांसद होने के नाते यह उनके लिए विशेष गर्व का विषय है.
‘प्रकृति के प्रति दायित्व निभा रहा है देश’
प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के जरिए देशभर के लोग प्रकृति के प्रति अपना दायित्व निभा रहे हैं. उन्होंने कहा कि जब समाज इस भावना के साथ जुड़ता है तो प्रेरणादायक उदाहरण सामने आते हैं. उनके अनुसार पेड़ केवल इंसानों के लिए ही नहीं, बल्कि अनगिनत जीव-जंतुओं के भी आश्रय स्थल होते हैं.
हर खास अवसर पर पौधा लगाने की अपील
प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों से अपील करते हुए कहा कि जीवन के हर विशेष अवसर को प्रकृति से जोड़ना चाहिए. उन्होंने लोगों से अपनी मां के नाम एक पौधा लगाने का आग्रह करते हुए कहा कि आज लगाया गया छोटा सा पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए हरियाली, स्वच्छ हवा और बेहतर भविष्य की अमूल्य विरासत बनेगा.
सीएम योगी ने जताया प्रधानमंत्री का आभार
प्रधानमंत्री द्वारा उत्तर प्रदेश की सराहना किए जाने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर आभार व्यक्त किया. उन्होंने लिखा कि ‘मन की बात’ में उत्तर प्रदेश के पौधरोपण अभियान का उल्लेख प्रदेश की सामूहिक चेतना, जनभागीदारी और पर्यावरण संरक्षण के प्रति समर्पण का सम्मान है.
हरित विकास के संकल्प को मिलेगी नई ऊर्जा
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने साबित किया है कि प्रकृति के प्रति संवेदनशील समाज ही विकसित भारत की मजबूत नींव रख सकता है. उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश प्रकृति संरक्षण, जनभागीदारी और हरित विकास के राष्ट्रीय अभियान को आगे भी नई ऊर्जा देता रहेगा.







