नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में 27 साल बाद बीजेपी ने जोरदार वापसी करते हुए आम आदमी पार्टी को धराशायी कर दिया है. चुनाव रिजल्ट के दिन शुरुआती रुझानों में आम आदमी पार्टी और बीजेपी के बीच कांटे की टक्कर रही लेकिन फिर बीजेपी ने जोरदार निर्णायक बढ़त बना ली. पूर्ण बहुमत के साथ बीजेपी की सरकार बनेगी इसका फैसला बस कुछ ही समय में होने वाला है. वैसे तो इस बार के एग्जिट पोल्स ने पहले यह सियासी हलचल तेज कर दी थी जिस पर अब मुहर लग गई है.
जल्द ही आधिकारिक आंकड़े सामने आने वाले हैं. आम आदमी पार्टी लगातार चौथी बार सत्ता बचाने की कोशिश कर रही थी. वहीं भारतीय जनता पार्टी को 27 साल बाद राजधानी में वापसी की उम्मीद थी. कांग्रेस इस बार भी खाता न खोल सकी. दिल्ली की सभी 70 विधानसभाओं, सभी हॉट उम्मीदवारों समेत रिजल्ट की बड़ी हलचल के लिए इस लाइव ब्लॉग के साथ बने रहें और पल-पल अपडेट्स आपको मिलते रहेंगे…
दिल्ली चुनाव में क्या और कैसे हो गया?
अगर आप दिल्ली के पूरे नतीजे देखें तो 3 बजे तक के रुझानों के मुताबिक भाजपा को 48 सीटों पर जीत मिलती दिख रही है. आम आदमी पार्टी को 22 सीटें मिल सकती हैं. वहीं कांग्रेस का खाता भी नहीं खुला है. गौर करने वाली बात यह है कि कांग्रेस ज्यादातर सीटों पर तीसरे स्थान पर रही और आम आदमी पार्टी को सीधा नुकसान पहुंचाया. दिल्ली के नतीजों का यही वनलाइनर विश्लेषण है. अब आप वो तस्वीर देखिए, जिसकी चर्चा ऊपर की गई है.







