मनाली (कुल्लू)। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि सभी कार्यकर्ता एवं नेता विधानसभा चुनाव में एकजुट होकर कार्य करेंगे। जिसे पार्टी टिकट देगी, सब उसके साथ चलेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के एक परिवार की पार्टी से संबंधित बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी हों या राहुल गांधी, वह जनता के चुने हुए प्रतिनिधि हैं। यह ठीक है कि वह नेहरू परिवार से हैं, लेकिन उन्हें जनता ने चुनकर संसद में भेजा है। हिमाचल में मैं और मेरा पुत्र विक्रमादित्य सिंह भी जनता के प्रतिनिधि हैं। जनता ने उन्हें विधानसभा और मुझे लोकसभा में चुनकर भेजा है। ऐसे में कांग्रेस को परिवारवाद से जोड़ना उचित नहीं है। मुख्यमंत्री को इस तरह के बयान देना शोभा नहीं देता। प्रतिभा सिंह मनाली विधानसभा क्षेत्र के जगतसुख में महिला सम्मान समारोह के बाद मीडिया से अनौपचारिक बातचीत कर रही थीं।
भाजपा महिला मोर्चा ने काले झंडे दिखाकर किया विरोध
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह के कथित तौर पर गुड़िया हत्याकांड को मामूली सी बात कहने के बयान पर भाजपा महिला मोर्चा उग्र हो गया है। महिला मोर्चा मनाली मंडल की महिलाओं ने शनिवार को जिलाध्यक्ष मनीषा सूद की अध्यक्षता में मनाली में काले झंडे लेकर विरोध किया। कुल्लू के जगतसुख में एक ओर प्रतिभा सिंह की जनसभा हो रही थी तो दूसरी ओर मनाली के माल रोड पर भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारी व कार्यकर्ता रैली निकाल रही थीं। रैली में भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष धनेश्वरी ठाकुर मुख्य रूप से मौजूद रही। महिलाओं ने उपमंडलाधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा।