सतीश मुखिया
मथुरा: आम जनता को समस्याओं से निजात दिलाने हेतु उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा सभी विभागों को दिए गए निर्देशानुसार आज नगर निगम मथुरा वृंदावन में “संभव दिवस” पर जनसुनवाई कार्यक्रम के अंतर्गत भूतेश्वर जोन एवं वृंदावन जोन नगर निगम कार्यालय में जनसुनवाई की गई।

वृंदावन में अपर नगर आयुक्त, सी पी पाठक ने जनता की शिकायतों को सुना, वही भूतेश्वर जोन में अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह द्वारा जनता की शिकायतों को सुना गया। नगर आयुक्त, जग प्रवेश द्वारा जनरल गंज में जनता की समस्याओं का निराकरण किया और अधीनस्थों को नागरिकों की शिकायतों का त्वरित व पारदर्शी समाधान करने के दिशा निर्देश दिए।

नगर निगम द्वारा हर मंगलवार को सुबह 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक संभव दिवस का आयोजन किया जाता है जिसमें आम जनता नगर निगम से संबंधित शिकायतों के निस्तारण हेतु कार्यालय में आती है। नगर आयुक्त द्वारा सभी नागरिकों से स्वच्छता में सहयोग देने का आग्रह किया और “सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ” के स्लोगन से जनता को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता ही हमारी ढाल है और हम लोगो को बीमारियों के खिलाफ लड़ना है। हर नागरिक का एक छोटा सा कदम हम लोगो के जीवन में एक बड़ा बदलाव ला सकता है। हम लोगो को साफ़ हाथ,स्वच्छ शौचालय, साफ़-सुथरा घर, स्वच्छ मोहल्ला, स्वच्छ सार्वजनिक स्थल, साफ़ नालियां और जलस्रोत रखने है। हम सब लोग साथ मिलकर नगर निगम मथुरा वृंदावन को स्वच्छ बनाएं।
वही उन्होंने शहर के भ्रमण के दौरान सेट बीएन पोद्दार स्कूल से कृष्णपुरी मार्ग का निरीक्षण किया और समुचित रोड़ की नियमित सफाई व डलावघर की सुबह 10 बजे तक सफाई सुनिश्चित करने तथा मार्ग किनारे जलभराव की स्थिति को देखते हुए जल निकासी व इंटरलॉकिंग द्वारा चौड़ीकरण के निर्देश दिए।
उन्होंने कूड़ा प्रबंधन का काम देख रही नेचर ग्रीन टूल्स एंड मशीन प्राइवेट लिमिटेड को निर्देश देते हुए कहा कि आप सुबह समय से डलाव घरों से कूड़ा उठाएं जिससे कि शहर में गंदगी ना फैले। इस दौरान उनके साथ डॉक्टर गोपाल बाबू गर्ग, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, अभिलाष चौधरी प्रभारी नेचर ग्रीन आदि अन्य लोग मौजूद रहे।







