मॉस्को: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अपने परमाणु शस्त्रागार से “द सेप्टर” नाम की अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल का खुलासा किया है। ये एक ऐसी मिसाइल है, जिसे छिपी हुई पनडुब्बियों से लॉन्च किया जा सकता है। इस मिसाइल की लॉन्चिंग का वीडियो रूसी सेना ने जारी किया है। इसके बाद से पश्चिम के देशों में इसको लेकर एक चिंता दिख रही है। रूसी सेना की ओर से जारी रोंगटे खड़े कर देने वाले वीडियो में पुतिन के सबसे नए टेस्ट ड्रिल के दौरान पहली बार इस मिसाइल को एक्शन में दिखाया गया है। रूसी भाषा में इस मिसाइल को ‘बुलावा’ कहा जाता है। परमाणु हथियार ले जाने वाली 40 फीट की इस मिसाइल की रेंज करीब 5,160 मील (8,304 किमी) है।
द सन की रिपोर्ट के मुताबिक, रूसी सेना के वीडियो क्लिप में दिखाया गया है कि पानी की सतह के नीचे से एक जोरदार विस्फोट हो रहा है। विस्फोट के साथ ही मिसाइल ‘आरएसएम-56 बुलावा’ लॉन्च होती है और धुएं का घना गुबार निकलता है। बेहद तेज गति से चलते हुए पलभर में ही ये बादलों में गायब हो जाती है। रूस के इस अभ्यास को पश्चिम और नाटो के लिए एक सख्त चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है।







