नई दिल्ली : इंडिया वर्सेस अफगानिस्तान तीन मैच की T20I सीरीज का दूसरा मुकाबला आज इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेला जाना है। इस मैच को जीतकर कप्तान रोहित शर्मा की नजरें एमएस धोनी के ‘महारिकॉर्ड’ की बराबरी करने पर होगी। क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में माही भारत के सबसे सफल कप्तान हैं, उनकी अगुवाई में टीम इंडिया ने 41 T20I मैच जीते हैं, वहीं रोहित शर्मा फिलहाल इस लिस्ट में 40 जीत के साथ दूसरे पायदान पर हैं। अगर आज भारत अफगानिस्तान को दूसरे T20I में धूल चटाने में कामयाब रहता है तो रोहित धोनी की बराबरी कर लेंगे, वहीं अगर टीम इंडिया मेहमानों का सीरीज में सूपड़ा साफ करती है तो रोहित इस लिस्ट के टॉप पर पहुंच जाएंगे।
रोहित शर्मा ने अभी तक भारत के लिए 52 मैचों में कप्तानी की है, जिसमें टीम इंडिया 40 मुकाबले जीती है। भारत के लिए कम से कम 10 मैचों में कप्तानी करने वाले खिलाड़ियों की सूची में हिटमैन का विनिंग पर्सेंटेज अन्य कप्तानों से काफी ज्यादा है। रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत 76.92 प्रतिशत मैच जीता है, वहीं हार्दिक पांड्या की कप्तानी में 62.50, विराट कोहली की कप्तानी में 60 और धोनी की कप्तानी में जीत का प्रतिशत 56.94 का रहा है।
बतौर कप्तान T20I में भारत के लिए सबसे ज्यादा मैच जीतने वाले कप्तान-
- एमएस धोनी- 41
- रोहित शर्मा- 40
- विराट कोहली- 30
- हार्दिक पांड्या- 10
वहीं बात वर्ल्ड क्रिकेट की करें तो, अगर रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत अफगानिस्तान को 3-0 से रौंदता है तो वह 42 जीत के साथ संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा T20I मैच जीतने वाले पहले कप्तान बन जाएंगे। जी हां, बतौर कप्तान अपनी टीम के लिए सबसे ज्यादा 42 मैच जिताने का वर्ल्ड रिकॉर्ड फिलहाल संयुक्त रूप से चार कप्तानों के नाम है। इस सूची में अफगानिस्तान के असगर अफगान से लेकर पाकिस्तान के बाबर आजम, युगांडा के ब्रायन मसाबा और इंग्लैंड के ईयोन मोर्गन शामिल हैं।







