नई दिल्ली। दिल्ली वालों के लिए बड़ी खबर है. अगर आप फ्री या सस्ती बिजली वाली सब्सिडी ले रहे हैं तो अब बिना आधार के काम नहीं चलेगा. दिल्ली सरकार के पावर डिपार्टमेंट ने 30 सितंबर को नोटिफिकेशन जारी करके साफ कर दिया है कि बिजली सब्सिडी के लिए आधार ऑथेंटिकेशन जरूरी होगा. ये नोटिफिकेशन दिल्ली गजट में भी पब्लिश हो गया है.
सरकार का कहना है कि ये कदम फर्जीवाड़ा रोकने और सही लोगों तक सब्सिडी पहुंचाने के लिए उठाया गया है.
ये नया नियम किस पर लागू होगा?
ये नियम दिल्ली के सभी बिजली उपभोक्ताओं पर लागू होगा जो सब्सिडी लेते हैं, चाहे आपका कनेक्शन किसी भी कंपनी से हो – BSES राजधानी (BRPL), BSES यमुना (BYPL), टाटा पावर (TPDDL), NDMC और MES एरिया वाले भी इसमें आएंगे. मतलब पूरी दिल्ली कवर है. अब आपको सब्सिडी लेने के लिए वेब पोर्टल या सरकार के बताए तरीके से अपना आधार नंबर देना ही होगा. ये नियम Aadhaar Act 2016 के Section 7 के तहत लागू किया गया है.
आधार नहीं है तो सब्सिडी नहीं मिलेगी?
ऐसा नहीं है, टेंशन मत लीजिए. सरकार ने इसका भी तोड़ निकाला है. अगर आपके पास अभी आधार नंबर नहीं है, तो आप आधार के लिए एनरोलमेंट कर सकते हो. एनरोलमेंट के बाद जो 14 अंकों की Enrollment ID मिलती है, उसको दिखाकर भी आप सब्सिडी के लिए अप्लाई कर सकते हो.
लेकिन ध्यान रहे, बाद में आधार बनते ही आपको वो नंबर देना होगा. हर साल करना होगा रिन्यूपहले की तरह ही, इस बार भी आपको हर साल बताना होगा कि आपको सब्सिडी चाहिए या नहीं. इसके लिए सरकार जल्द ही एक नया ऑनलाइन पोर्टल भी लाने वाली है, ताकि सारा प्रोसेस ऑनलाइन और आसान हो जाए. पावर डिपार्टमेंट को कहा गया है कि वो इस नियम का खूब प्रचार करे ताकि हर किसी को पता चल सके. तो सीधी बात है, अगर आप दिल्ली में बिजली सब्सिडी लेना चाहते हैं तो अपना आधार कार्ड तैयार रखिए.






