नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में बीती रात हुए कार धमाके में अब तक नौ लोगों की मौत हो चुकी है. धमाके की सूचना मिलते ही पूरे यूपी में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक्शन मोड में दिखे. आदेश मिलते ही पुलिस के बड़े अफसर चेकिंग नाकों पर दिखाई दिए. मथुरा में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है.
दिल्ली में कल (सोमवार) शाम हुए ब्लास्ट के बाद यूपी में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया. धमाके से दिल्ली दहशत में आ गई. उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों में इसका असर देखा जा रहा है. तीर्थ नगरी वृंदावन और मथुरा में भी पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है.
यहां आने जाने वाले लोगों की सघन चेकिंग की जा रही है. सड़क मार्ग से जो भी व्यक्ति आ रहे हैं, उनको चेकिंग के बाद ही आगे बढ़ने दिया जा रहा है. मथुरा पुलिस ने जगह-जगह बैरिकेडिंग लगा रखी है. मथुरा के डीएम और एसएसपी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं.
दिल्ली में धमाके के तुरंत बाद मुख्यमंत्री योगी ने सभी आला अधिकारियों को ग्राउंड पर उतार दिया था. इसी कड़ी में मथुरा के डीएम और एसएसपी ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और मथुरा वृंदावन के प्रमुख मंदिरों की सुरक्षा का जायजा लिया.
दोनों अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था सख्त रखने के निर्देश दिए. भगवान श्री कृष्ण जन्म स्थल पर ब्लैक कैट कमांडो की तैनाती कर दी गई है.
लोकल इंटेलीजेंस के अलावा कई एजेंसियां मथुरा पर अपनी नजर बनाए हुए हैं. कृष्ण जन्म स्थान की सुरक्षा का जायजा लेने के लिए एसपी श्लोक कुमार और डीएम चंद्र प्रकाश सिंह मौके पर पहुंचे.
दोनों अधिकारियों ने कृष्ण जन्म स्थल की सुरक्षा घेरे को और बढ़ाने के निर्देश दिए. द्वारकाधीश मंदिर के अलावा वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर, प्रेम मंदिर, इस्कॉन टेंपल समेत दूसरे मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है.







