प्रकाश मेहरा
एक्जीक्यूटिव एडिटर
नई दिल्ली: दिल्ली नगर निगम उपचुनाव के तहत ग्रेटर कैलाश वार्ड नंबर 173 में भाजपा ने आगामी चुनाव को लेकर पूरी ताकत झोंक दी है। इसी कड़ी में गुरुवार को दिल्ली भाजपा द्वारा चुनाव कार्यालय में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई, जिसमें चुनाव संचालन की रणनीति पर विस्तारपूर्वक चर्चा हुई।

बैठक में मुख्य रूप से ग्रेटर कैलाश की विधायक शिखा राय, आर.के. पुरम के विधायक अनिल शर्मा, प्रदेश प्रभारी विनोद बछेती, नई दिल्ली जिला अध्यक्ष रविंद्र चौधरी, आदर्श नगर विधायक राजकुमार भाटिया, जिला महामंत्री आनंद सिंह सहित चुनाव संचालन समिति के सभी पदाधिकारी एवं स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान सभी नेताओं ने भाजपा प्रत्याशी अंजुम मंडल के समर्थन में एकजुटता प्रकट की और आगामी उपचुनाव में भारी मतों से विजय सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
भाजपा सरकार की उपलब्धियाँ
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि “भाजपा सरकार की उपलब्धियाँ — जैसे केंद्र की जनकल्याणकारी योजनाएँ, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन और महिलाओं की सुरक्षा व सशक्तिकरण के लिए किए गए कार्य — जनता तक पहुँचाए जाएँगे। कार्यकर्ताओं से अपील की गई कि वे बूथ स्तर पर संगठन को और मजबूत करें तथा घर-घर जाकर मतदाताओं को भाजपा की नीतियों से अवगत कराएँ।
प्रदेश प्रभारी विनोद बछेती ने कहा कि “भाजपा का कार्यकर्ता ही पार्टी की असली ताकत है। यदि प्रत्येक कार्यकर्ता एक-एक मतदाता से व्यक्तिगत संपर्क करेगा, तो जीत निश्चित रूप से भाजपा की होगी।”

क्या बोली विधायक शिखा राय
वहीं स्थानीय विधायक शिखा राय ने कहा कि “ग्रेटर कैलाश में विकास कार्यों को जनता ने स्वयं देखा है। भाजपा ने हमेशा ‘सबका साथ, सबका विकास’ की भावना से कार्य किया है। जनता इस उपचुनाव में विकास और सेवा के पक्ष में मतदान करेगी।”
बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि भाजपा की नीतियों, नेतृत्व और संगठन की मजबूती के बल पर ग्रेटर कैलाश वार्ड में पार्टी ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।







