नई दिल्ली: स्कूल में पढ़ने वाली छात्राओं के लिए गुड न्यूज है। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा 500 रुपये महीना दी जाने वाली सिंगल गर्ल चाइल्ड स्कॉलरशिप के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। छात्रवृत्ति के लिए योग्य छात्राएं 23 दिसंबर तक आवेदन कर सकती हैं। इस छात्रवृत्ति के लिए केवल ऑनलाइन आवेदन ही स्वीकार किए जाएंगे।
सीबीएसई ने मान्यता प्राप्त विद्यालयों को पत्र जारी कर अधिक संख्या में आवेदन के लिए निर्देश जारी किए हैं। इस छात्रवृत्ति के लिए केवल वही छात्राएं पात्र होंगी, जिन्होंने 10वीं क्लास में 60 प्रतिशत अंक हासिल किए थे और छात्रवृत्ति 11वीं एवं 12वीं कक्षाओं की छात्रों को दी जाएगी।
इसके अलावा वर्ष 2023 में छात्रवृत्ति प्राप्त करने की वाली छात्राओं को रिन्युअल के लिए भी कहा गया है। वहीं ऐसी छात्राएं भी योजना का लाभ ले सकेंगी, जिनकी ट्यूशन फीस 1500 रुपये प्रति माह से अधिक नहीं है। इस छात्रवृत्ति के लिए केवल वह छात्राएं पात्र होंगी जो अपने माता-पिता की एक मात्र संतान होंगी। इसके तहत छात्राओं को 500 रुपये प्रति माह स्कॉलरशिप दी जाती है।
बिना सत्यापन के स्वीकार नहीं होगा आवेदन : सीबीएसई ने स्पष्ट किया है कि आवेदन से पूर्व छात्राओं को अपने सभी दस्तावेज विद्यालय प्रबंधन से सत्यापित कराने होंगे। सत्यापन के बिना आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। सीबीएसई से मान्यता प्राप्त विद्यालयों में एनआरआई छात्राएं भी पढ़ती हैं। वह भी इस छात्रवृत्ति की पात्र होंगी। उनकी ट्यूशन फीस प्रति माह छह हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। छात्राएं अधिक जानकारी के लिए www.cbse.gov.in पर जा सकती हैं। इस लिंक में दिए गए स्कॉलरशिप भी विकल्प पर जाकर आवेदन कर सकती हैं। आवेदन के दौरान छात्राओं को सभी दस्तावेज अपने पास रखने होंगे। यदि कोई दस्तावेज अधूरा रहता है तो भी छात्राएं छात्रवृत्ति के योग्य नहीं समझी जाएंगी।
सीबीएसई की जिला समन्वयक नीलिमा जैन ने कहा, ”इस संबंध में सीबीएसई के निर्देश प्राप्त हुए हैं। उसके अनुरूप ही छात्राओं को प्रोत्साहित किया जा रहा है। यदि किसी छात्रा को कोई परेशानी है तो वह विद्यालय प्रबंधन की भी सहायता ले सकती है।”







