रायपुर: भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने एक बार फिर साबित कर दिया कि उन्हें टी20 क्रिकेट का बादशाह क्यों कहा जाता है। शुक्रवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में सूर्या ने 37 गेंदों पर नाबाद 82 रनों की आतिशी पारी खेलकर भारत को 7 विकेट से यादगार जीत दिलाई। इस जीत के साथ ही भारत ने 5 मैचों की सीरीज में 2-0 की मजबूत बढ़त बना ली है।
मुश्किल वक्त में खेली कप्तानी पारी
209 रनों के पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत किसी बुरे सपने जैसी थी। टीम ने केवल 6 रनों के स्कोर पर संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा के विकेट गंवा दिए थे। ऐसे समय में सूर्या ने मैदान पर कदम रखा और कीवी गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दीं। उन्होंने अपनी पारी में 9 चौके और 4 छक्के जड़े। ईशान किशन (76 रन) ने उनका बखूबी साथ दिया, जिससे भारत ने यह विशाल लक्ष्य महज 15.2 ओवर में ही हासिल कर लिया।
स्पेशल क्लब में शामिल हुए सूर्या
अपनी इस नाबाद पारी के साथ सूर्यकुमार यादव टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सफल रन चेज के दौरान सबसे ज्यादा बार 50+ स्कोर बनाकर नाबाद रहने वाले भारतीय बल्लेबाजों की सूची में शामिल हो गए हैं। T20I क्रिकेट में सफल रन चेज के दौरान सबसे ज्यादा बार नाबाद 50+ स्कोर बनाने वाले भारतीय बल्लेबाजों की सूची में विराट कोहली 11 बार के साथ शीर्ष पर हैं। रोहित शर्मा और केएल राहुल ने यह कारनामा 4-4 बार किया है। अब सूर्यकुमार यादव ने तीसरी बार यह उपलब्धि हासिल की है। इसके साथ ही उन्होंने श्रेयस अय्यर और तिलक वर्मा की बराबरी कर ली है, जिन्होंने भी 3-3 बार ऐसा किया है।
200+ के लक्ष्य का सबसे तेज पीछा
भारतीय टीम ने इस मैच में एक ऐसा कीर्तिमान स्थापित किया जो टी20 इतिहास में पहले कभी नहीं हुआ था। भारत ने 200 से अधिक के लक्ष्य का पीछा करते हुए 28 गेंदें शेष रहते ही जीत दर्ज कर ली। यह टी20 क्रिकेट के इतिहास में 200+ के स्कोर का सबसे तेज रन चेज है। मैच के बारे में बात करें तो इससे पहले न्यूजीलैंड ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 208/6 का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया था। कीवी टीम को उम्मीद थी कि यह स्कोर जीत के लिए काफी होगा, लेकिन सूर्या और ईशान किशन की जुगलबंदी ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। सूर्या ने न केवल मैच खत्म किया, बल्कि अपनी कप्तानी में टीम को सीरीज जीतने की दहलीज पर खड़ा कर दिया है।







