मणिपुर में 3 हफ्ते पहले शुरू हुई हिंसा अभी भी थमने का नाम नहीं ले रही है. गुरुवार को चुराचांदपुर और बिष्णुपुर जिले के बॉर्डर से खबर सामने आई है कि यहां पर एक संदिग्ध दहशतगर्दों का ग्रुप एक लोगों के ग्रुप से भिड़ गया. इस दौरान एक शख्स की मौत हो गई है और एक गंभीर रूप से घायल हो गया है. पुलिस ने इस बात की जानकारी दी है. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को यह भिड़ंत हुई थी.
30 वर्षीय तोइजाम चंद्रामोनी को इस भिड़ंत के दौरान गोली मार दी गई जिससे उनकी मौत हो गई है, वहीं 22 साल के लीचोम्बम अबुंगनाओ की दौरान गंभीर रूप से गायल हो गए हैं. यहां पर एक संदिग्ध दहशतगर्द ने लोगों पर अचानक गोलीबारी कर दी. इसकी वजह से इलाके में भगदड़ मच गई. इन लोगों में ज्यादातर वह शामिल हैं जो हाल ही में भड़की हिंसा की वजह से चुराचांदपुर से विस्थापित हुए थे. इन लोगों ने फिलहाल बिष्णुपुर के मोइरांग में बने रिलीफ कैंप में शेल्टर लिया हुआ है.
बिष्णुपुर जिले के तोरोन्गलाओबी इलाके से खबरें सामने आई थी कि मंगलवार रात को यहां पर कुछ लोगों ने गांव के लोगों के घरों में आग लगा दी थी. यहां पर रह रहे लोग और मोइरांग कैंप में रह रहे लोग पहले ही गुस्साए हुए थे. इसके बाद इन्हें सूचना मिली की संदिग्ध दहशतगर्द एक स्कूल में आग लगा सकते हैं. यह स्कूल बिष्णुपुर में थम्नापोकपी और चुराचंदपुर में कंगनथेई के पास एक क्षेत्र में स्थित है. लोगों का समूह स्कूल के पास पहुंचा.
पुलिस अधिकारी ने बताया कि जैसे ही वह मौके पर पहुंचे एक संदिग्ध दहशतगर्द ने उन पर गोलियां चला दीं. दोनों को हॉस्पिटल ले जाया गया. यहां पर डॉक्टर ने एक व्यक्ति को गंभीर रूप से घायल होने की वजह से मृत घोषित कर दिया. इस घटना के बाद से पुलिस ने इलाके में 24 घंटे का कर्फ्यू लगा दिया है, वहीं कई अलग-अलग जिलों में पुलिस ने कर्फ्यू में ढील के समय को और कम कर दिया है.







