नई दिल्ली: दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की कैबिनेट मंत्री आतिशी को स्वतंत्रता दिवस पर झंडा फहराने के आग्रह को नहीं माना और इसके बजाय कैलाश गहलोत को इस जिम्मेदारी के लिए चुना गया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय के सुझाव के बाद दिल्ली के एलजी विनय कुमार सक्सेना ने दिल्ली के गृह मंत्री को 15 अगस्त को झंडा फहराने के लिए नामित किया है। मंगलवार शाम को जारी एक बयान में सक्सेना के ऑफिस में कहा कि गहलोत को इस वजह से चुना गया है क्योंकि दिल्ली पुलिस तिरंगा फहराने के बाद में औपचारिक मार्च-पास्ट परेड के लिए जिम्मेदार है।
स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा फहराने को लेकर दिल्ली की आम आदमी पार्टी की सरकार और एलजी सक्सेना के सचिवालय के बीच में टकराव शुरू हो गया है। जीएडी मंत्री गोपाल राय ने सोमवार को जीएडी डिपार्टमेंट को निर्देश दिया कि वह मुख्यमंत्री की इच्छा के मुताबिक आतिशी के झंडा फहराने का इंतजाम करे। मंत्री के पत्र का जवाब देते हुए जीएडी के अधिकारी नवीन कुमार चौधरी ने कहा कि सीएम का निर्देश कानूनी तौर पर सही नहीं है और इस पर अमल नहीं किया जा सकता है। चौधरी ने कहा कि दिल्ली सरकार के स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां छत्रसाल स्टेडियम में चल रही हैं।







