नई दिल्ली। दिल्ली के विवेक विहार इलाके में पश्चिम दिल्ली की एएटीएस टीम ने फिल्मी स्टाइल में गाड़ी चोरी गैंग को पकड़ा है। सड़क पर हुई पकड़म-पकड़ाई की पूरी घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। चोरों ने पकड़े जाने के डर से दिल्ली पुलिस के पुलिसकर्मियों पर कार चढ़ाने की कोशिश भी की। इसके बाद पुलिस टीम ने बदमाशों की कार के ऊपर हथौड़े और डंडे मारकर उनको पकड़ा।
दिल्ली पुलिस के पश्चिमी जिला की एंटी ऑटो थैफ्ट स्क्वॉड को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। हाई-रिस्क ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने तीन इंटर-स्टेट ऑटो लिफ्टर्स को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक चोरी की किआ सेल्टोस बरामद की गई है, जिस पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी। आरोपियों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम को कुचलने की भी कोशिश की, जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। इसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। यह मामला वेस्ट दिल्ली के विवेक विहार आईटीआई अंडरपास का है।
चोरों ने भागने के लिए कई वाहनों को मारी टक्कर
एंटी ऑटो थैफ्ट स्क्वॉड वेस्ट को तकनीकी और फील्ड सर्विलांस के दौरान सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की किआ सेल्टोस कार, जिस पर फर्जी नंबर प्लेट लगी है, कई हाई-एंड गाड़ियों की चोरी में इस्तेमाल हो रही है। सूचना के आधार पर एएटीएस वेस्ट की टीम ने जाल बिछाया। इंटरसेप्शन के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम को जान से मारने की नीयत से कार से रौंदने की कोशिश की। इस हमले में हेड कांस्टेबल देवेंद्र और कांस्टेबल मनीष घायल हो गए, जिन्हें तुरंत जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया। भागने के प्रयास में आरोपियों ने कई सार्वजनिक वाहनों को भी टक्कर मारी, जिससे आम जनता की जान को भी खतरा पैदा हो गया। हालांकि, पुलिस टीम ने साहस, सूझबूझ और बहादुरी का परिचय देते हुए तीनों आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया।
मुखर्जी नगर से चोरी हुई थी कार
बरामद की गई किआ सेल्टोस की जांच में पता चला कि यह गाड़ी 2 सितंबर 2025 को मुखर्जी नगर इलाके से चोरी हुई थी। आरोपी इसी चोरी की गाड़ी पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर अलग-अलग जिलों में वारदातों को अंजाम दे रहे थे।
आरोपियों के नाम
- मसरूर पुत्र याकूब, उम्र 56 वर्ष, निवासी सुल्तानपुर यूपी, (पहले से 17 आपराधिक मामलों में शामिल)
- आसिफ पुत्र निजामुद्दीन, उम्र 42 वर्ष, निवासी मेरठ यूपी, (02 पुराने मामले)
- अकील पुत्र इस्लामुद्दीन, उम्र 40 वर्ष, निवासी मुजफ्फरनगर यूपी, (27 आपराधिक मामलों में संलिप्त)
आरोपियों के खिलाफ थाना विवेक विहार में एफआईआर नंबर 19/26 दर्ज की गई है। पुलिस अब इनके अन्य साथियों और वारदातों की कड़ियों को खंगाल रही है।







