नई दिल्ली। टाॅप इंजीनियरिंग काॅलेजों में एडमिशन की दौड़ शुरू हो चुकी है। JoSAA काउंसलिंग के बीच IIT-ISM धनबाद ने जेईई एडवांस्ड 2026 टाॅप रैंकर्स के लिए फीस में राहत देने की घोषणा की है। इसके तहत JEE एडवांस्ड 2026 में अच्छी रैंक पाने वाले छात्रों को ट्यूशन फीस में छूट दी जाएगी।
IIT (ISM) धनबाद की इस पहल का लाभ लेने के लिए छात्रों को एक नियम भी पूरा करना होगा। अगर आप भी यहां बीटेक कोर्स में एडमिशन के लिए देख रहे हैं तो जान लें कि इस नई योजना का फायदा कैसे मिलेगा और कितना मिलेगा।
JEE एडवांस्ड में टाॅप 10 रैंक वालों से ट्यूशन फीस नहीं लेगा IIT-ISM
इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (इंडियन स्कूल ऑफ माइन्स) धनबाद की ऑफिशियल वेबसाइट iitism.ac.in पर जानकारी के अनुसार, संस्थान में BTech सहित अन्य कोर्सेस में एडमिशन शुरू हो चुके हैं। जोसा काउंसलिंग के माध्यम से रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। जेईई एडवांस 2026 की कॉमन रैंक लिस्ट (CRL) में ऑल इंडिया रैंक 1000 के भीतर आने वाले छात्रों में से IIT ISM धनबाद में प्रवेश लेने वाले टाॅप 10 छात्रों की ट्यूशन फीस पूरी तरह माफ की जाएगी।
JEE टाॅप-10 रैंकर्स से पूरे कोर्स में मिलेगा फायदा
इस योजना के तहत चयनित छात्रों को केवल पहले साल ही नहीं, बल्कि पूरे अंडरग्रेजुएट कोर्स के दौरान ट्यूशन फीस नहीं देनी होगी। इससे छात्रों और उनके परिवारों को लाखों रुपये की आर्थिक राहत मिलेगी। संस्थान का उद्देश्य प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना और उन्हें आर्थिक सहयोग देना है।
JoSAA काउंसलिंग से IIT ISM धनबाद में आने वाले छात्रों का होगा चयन
- संस्थान की ओर से बताया गया है कि इस सुविधा का लाभ उन छात्रों को मिलेगा जो जेईई एडवांस 2026 में ऑल इंडिया रैंक 1000 के भीतर स्थान लाएंगे।
- इसके अलावा जो छात्र JoSAA काउंसलिंग के माध्यम से IIT ISM धनबाद में प्रवेश लेंगे तो वह इसके लिए एलिजिबिल हैं।
- मेरिट के आधार पर शीर्ष 10 छात्रों का चयन किया जाएगा।
- IIT में पढ़ाई के दौरान ट्यूशन फीस लाखों में होती है तो ऐसे में पूरी फीस माफ होने पर छात्रों को फायदा होगा।
फीस माफी वालों के लिए IIT-ISM का नियम
संस्थान ने स्पष्ट किया है कि जिन छात्रों को फीस माफ की जाएगी तो उन्हें कॉलेज के सभी नियमों और अनुशासन का सख्ती से पालन करना होगा। अगर किसी छात्र पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाती है तो उसे इस सुविधा का लाभ नहीं मिलेगा।







