नई दिल्ली : दिल्ली के एमिटी स्कूल में बम की सूचना मिलने से हड़कंप मच गया है। साकेत के पुष्प विहार इलाके में स्थित एमिटी स्कूल में को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। इस जानकारी के सामने आने के बाद स्कूल प्रबंधन के होश उड़ गए हैं। स्कूल प्रबंधन ने पुलिस को इस बात की जानकारी दी है। बताया जा रहा है कि स्कूल प्रबंधन को ईमेल के जरिए स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। इस ईमेल के आने के बाद प्रबंधन ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
बंद रहेगा एमिटी इंटरनेशनल स्कूल
इधर स्कूल के प्रवक्ता ने कहा, ‘हमें ईमेल के जरिए बम की धमकी मिली थी। इसके बाद हमने तुरंत एहतियात बरती और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और काफी मदद की। वो इस ईमेल के स्त्रोत का पता लगा रहे हैं और जरूरी ऐक्शन ले रहे हैं। हमने एहतियात के तौर पर 13 फरवरी को स्कूल बंद रखने फैसला किया है। यह फैसला छात्रों औऱ परिजनों की सुरक्षा को देखते हुए उठाया गया है।’
ऐक्शन में दिल्ली पुलिस
पुलिस ने इस मामले में तुरंत ऐक्शन लिया। इसके बाद बम स्क्वॉड और दमकल विभाग की गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया। यह बात भी सामने आई है कि ईमेल के जरिए पैसों की डिमांड भी की गई है। डीसीपी (साउथ), अंकित चौहान ने कहा, ‘Amity International School में सोमवार की सुबह करीब 3.10 मिनट पर एक ईमेल मिला था। इसी ईमेल में बम से जुड़ी धमकी दी गई थी। इसके बाद बम-निरोधी दस्ते के द्वारा अच्छी तरह से छानबीन की जा रही है। अभी तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है।’ पुलिस ने कहा है कि इस मामले में एक केस दर्ज किया गया है और आरोपी को पकड़ने की कोशिश की जा रही है।
यह भी जानकारी सामने आ रही है कि मौके पर पहुंची पुलिस ने एहतियात के तौर पर स्कूल परिसर को खाली करवा दिया है। स्कूल में चप्पे-चप्पे की जांच की जा रही है। सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो भी सामने आए हैं जिसमें स्कूल के कर्मचारी और कुछ बच्चों के परिजन स्कूल के बाहर जमा नजर आ रहे हैं। आपको बता दें कि यह कोई पहला मौका नहीं है जब राजधानी दिल्ली के किसी स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिली है।
DPS स्कूल को मिली थी धमकी
इससे पहले इसी महीने 2 फरवरी को आरकेपुरम में स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। उस वक्त यह जानकारी सामने आई थी कि DPS की प्रिंसिपल को एक मेल भेजा गया था और इसी मेल के जरिए स्कूल में बम ब्लास्ट करने की बात कही गई थी।







