नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वडोदरा में होने वाले कार्यक्रम के लिए लोगों में गजब का क्रेज देखने को मिल रहा है। पहली बार पीएम मोदी के कार्यक्रम में डिजिटिल बुकिंग का ऑप्शन रखा गया और देखते ही देखते सीटें फुल हो गईं। इस कार्यक्रम के लिए बुक माई शो पर रजिस्ट्रेशन की सुविधा दी गई थी। इसको लेकर लोगों में काफी उत्साह नजर आया। पहले घंटे भर में ही कार्यक्रम की सभी सीटें बुक हो गईं। वहीं, बड़ी संख्या में लोगों को वेटिंग लिस्ट में रखा गया है। इस कार्यक्रम के लिए लोगों की एंट्री भी डिजिटल तरीके से होगी।
लोगों में काफी ज्यादा उत्साह
पीएम मोदी मंगलवार को वडोदरा में कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इस कार्यक्रम के लिए रजिस्ट्रेशन मैनेज करने के लिए वडोदरा म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन ने ‘बुकमाईशो’ के जरिए मुफ्त रजिस्ट्रेशन की सुविधा शुरू की। इस पर लोगों का रिस्पॉन्स जबरदस्त रहा। रजिस्ट्रेशन शुरू होने के एक घंटे के अंदर, कार्यक्रम के लिए सभी सीटें बुक हो गईं। इसके बाद रजिस्ट्रेशन बंद कर दिया गया और 42,000 से ज्यादा लोगों को वेटिंग लिस्ट में रखा गया। यह दिखाता है कि इस कार्यक्रम के लिए लोगों में किस कदर उत्साह है।
टेक्नोलॉजी बेस्ड होगा एंट्री सिस्टम
इस कार्यक्रम में पूरी तरह से डिजिटल और टेक्नोलॉजी-बेस्ड एंट्री सिस्टम होगा। रजिस्टर्ड लोगों को उनके ‘बुकमाईशो’ अकाउंट पर एक डिजिटल M-टिकट मिलेगा। इसमें एंट्री वेरिफिकेशन के लिए एक सुरक्षित लाइव क्यूआर कोड होगा। रजिस्ट्रेशन और वेरिफिकेशन से लेकर वेन्यू में एंट्री और सिटिंग तक की पूरी प्रक्रिया डिजिटल तरीके से ही मैनेज की जा रही है। इसके पीछे मकसद यह है कि एंट्री तेज हो और भीड़ का आना-जाना आसान हो सके।
करोड़ों की परियोजनाओं का लोकार्पण
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को गुजरात और महाराष्ट्र का दौरा कर विभिन्न विकास परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इस दौरान वह ‘ग्लोबल फिनटेक फेस्ट’ का उद्घाटन करेंगे। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मोदी सबसे पहले वडोदरा जाएंगे, जहां वह विभिन्न विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे, उनका उद्घाटन करेंगे और उन्हें राष्ट्र को समर्पित करेंगे। वह इस अवसर पर एक सभा को भी संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री जिन परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे, उनमें 20,700 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित पश्चिमी समर्पित माल ढुलाई गलियारे (डब्ल्यूडीएफसी) के 326 किलोमीटर लंबे तीन महत्वपूर्ण खंड शामिल हैं। इनमें साणंद (उत्तर)-मकरपुरा, न्यू उमरगांव-न्यू सफाले और न्यू सफाले-जवाहरलाल नेहरू बंदरगाह प्राधिकरण (जेएनपीए) खंड शामिल हैं।
जवाहरलाल नेहरू बंदरगाह प्राधिकरण से सीधी संपर्क सुविधा मिलने से आयात-निर्यात माल की आवाजाही तेज होगी, औद्योगिक केंद्रों और बंदरगाहों के बीच संपर्क मजबूत होगा, माल ढुलाई की लागत कम होगी और मुंबई के रेल नेटवर्क पर दबाव घटाने में मदद मिलेगी। इन खंडों के चालू होने के बाद समर्पित माल ढुलाई गलियारे (डीएफसी) का पूरा नेटवर्क परिचालन में आ जाएगा। प्रधानमंत्री न्यू साणंद (उत्तर), न्यू मकरपुरा, न्यू उमरगांव और मुंबई के न्यू जेएनपीटी से मालगाड़ी सेवाओं को भी हरी झंडी दिखाएंगे। इसके अलावा, वह वडोदरा और टांडा रोड के बीच एक नयी ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाएंगे, जिससे वडोदरा, छोटा उदयपुर और अलीराजपुर जिलों के लोग लाभान्वित होंगे।






