नई दिल्ली: वैभव सूर्यवंशी भारत के लिए सबसे कम उम्र में डेब्यू करने वाले भारतीय क्रिकेटर बन गए हैं। वे 15 साल 99 दिन की उम्र में इंग्लैंड के खिलाफ पहला इंटरनेशनल मैच खेल रहे हैं। वैभव ने शेफाली वर्मा और सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया। शेफाली ने 15 साल 239 दिन और सचिन ने 16 साल 205 दिन की उम्र में भारत के लिए पहला मैच खेला था।
मैच से पहले वैभव ने सोशल मीडिया पर भी डेब्यू के संकेत दिए थे। शुक्रवार को उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट की स्टोरी पर अपनी तस्वीर शेयर करते हुए न्यू चैप्टर लिखा था।
टीम इंडिया की नंबर-3 जर्सी मिली
23 जून को BCCI की ओर से वैभव को टीम इंडिया की 3 नंबर जर्सी मिली। थ्रोडाउन स्पेशलिस्ट रघु ने उन्हें जर्सी दी। सूर्यवंशी ने पहले रघु के पैर छूकर प्रणाम किया, फिर जर्सी ली।
वैभव को ICC की चाइल्ड सेफगार्डिंग पॉलिसी के तहत इंग्लैंड दौरे पर अलग चेंजिंग रूम दिया गया है। उनकी फैमिली को भी टीम होटल में ठहरने की अनुमति मिली है।
वैभव सबसे कम उम्र में टीम इंडिया में चुने गए थे
एक महीने पहले वैभव 15 साल 71 दिन की उम्र में टीम इंडिया के लिए चुने जाने वाले सबसे युवा क्रिकेटर भी बने थे। उन्होंने इस मामले में शेफाली वर्मा और सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ा था।
शेफाली पहली बार 15 साल 220 दिन की उम्र में भारतीय टीम में चुनी गई थीं, जबकि सचिन को 16 साल 194 दिन की उम्र में राष्ट्रीय टीम में मौका मिला था।
श्रीलंका के खिलाफ 11 गेंद में फिफ्टी लगाई
पिछले महीने वैभव ने ट्राई सीरीज के फाइनल में इंडिया-ए की ओर से श्रीलंका-ए के खिलाफ 11 गेंदों में फिफ्टी लगाई थी, जो लिस्ट-ए क्रिकेट की सबसे तेज फिफ्टी है। IPL 2026 में उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के लिए 776 रन बनाए। उनका स्ट्राइक रेट 237.31 रहा और उन्होंने एक शतक भी लगाया।
वैभव को डेब्यू नहीं कराने पर पूर्व क्रिकेटर भड़के थे
आयरलैंड के खिलाफ वैभव के डेब्यू की उम्मीद थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। आयरलैंड में भारतीय टीम सीरीज हार गई। ओपनर अभिषेक और संजू खास प्रदर्शन नहीं कर सके। इससे इंग्लैंड के खिलाफ पहले मैच में वैभव के डेब्यू की उम्मीद फिर बढ़ गई। लेकिन, उन्हें चांस नहीं मिला। इसके बाद सुनील गावस्कर, रवि शास्त्री और एबी डिविलियर्स जैसे दिग्गज क्रिकेटरों ने नाराजगी जताई थी।







