सतीश मुखिया
मथुरा। उत्तर प्रदेश पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय एवं गो अनुसंधान संस्थान मथुरा ने दो अंतरराष्ट्रीय स्टार्टअप कंपनियों ओकेमी बायो साइंसेज प्राइवेट लिमिटेड और एक्यूवेंस इंडिया के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किये। विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी प्रो. देश दीपक सिंह ने बताया कि यह समझौता विश्वविद्यालय एवं उद्योग के बीच सहयोग को सशक्त बनाने, उन्नत शोध इंटर्नशिप और विद्यार्थियों के व्यावसायिक कौशल विकास के उद्देश्य से किया गया।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अरुण कुमार मदान की उपस्थिति में हस्ताक्षर कार्यक्रम आयोजित हुआ। कंपनियों की ओर से ओकेमी बायो साइंसेज की सीईओ डॉ. सलोनी गोडबोले तिवारी एवं एकुवेन्स इंडिया के सीईओ डॉ. अरविंद गौतम उपस्थित रहे और उन्होंने कुलपति के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर किए । इस सहयोग के माध्यम से विश्वविद्यालय के छात्र उन्नत बायो साइंसेज एवं एनालिटिकल तकनीक के प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे और उन्हें उद्योग से जुड़ी परियोजनाओं एवं इंटर्नशिप में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
यह साझेदारी विश्वविद्यालय को नवाचार तकनीकी विकास और उद्योगों मुखी अनुसंधान के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी। दोनों कंपनी विश्वविद्यालय के साथ मिलकर शोध परियोजनाएं संचालित करेगी। जिससे नवीन उत्पादों एवं प्रक्रियाओं का विकास संभव हो सकेगा । इस अवसर पर प्रो विकास पाठक अधिष्ठाता, पशु चिकित्सा विज्ञान महाविद्यालय; प्रो. रश्मि सिंह, अधिष्ठाता डेरी विज्ञान महाविद्यालय,डॉ. नित्यानंद पांडे, अधिष्ठाता मत्स्य विज्ञान महाविद्यालय, प्रो. अर्चना पाठक अधिष्ठाता, स्नातकोत्तर; प्रो. विनोद कुमार, निदेशक शोध,डॉ मीना गोस्वामी एवं डॉ. राजू कुशवाहा सम्मिलित हुए।







