चमोली : चमोली जिले स्थित जोशीमठ नगर क्षेत्र में निर्माणाधीन नगर पालिका भवन के एक हॉल में नमाज अदा करने का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल है। वीडियो ज्योतिर्मठ नगर के मीट मार्केट का बताया जा रहा है जिसमें एकसाथ कई लोग नमाज अदा करते हुए नजर आ रहे हैं। वहीं सरकारी इमारत में नमाज पढ़ने का वीडियो वायरल होने के बाद हिंदू संगठनों ने उग्र आंदोलन की चेतावनी दे डाली है।
वहीं विवाद बढ़ता देख प्रशासन अलर्ट पर है और पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि वे निगरानी रखें। जिलाधिकारी के निर्देश पर मामले की जांच करवाई जा रही है। सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका के मद्देनजर स्थानीय प्रशासन ने एहतियातन दोनों समुदायों के लोगों के साथ बैठक की।
जोशीमठ के एसडीएम चंद्रशेखर वशिष्ठ ने बताया है कि ‘हमें जैसे ही इस मामले की जानकारी मिली तो हमने दोनों पक्षों को बुलाकर समझाया। समाधान निकालने की कोशिश की जा रही है। सांप्रदायिक सौहार्द न बिगड़े इसके लिए भी हर संभव प्रयास किया जा रहा है।’ वहीं इस मामले में हिंदू संगठनों के लोगों ने डीएम को ज्ञापन भी सौंपा है। बजरंग दल और एबीवीपी ने इस घटना की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
बजरंग दल और एबीवीपी ने इस घटना की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
मौखिक अनुमति ली गई थी?
नगर पालिका अध्यक्ष देवेश्वरी शाह के मुताबिक निर्माणाधीन इमारत में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने रोजे के लिए मौखिक रूप से नमाज पढ़ने की अनुमति ली थी। इस निर्माणाधीन इमारत के हॉल पर निगम ने ताला लगा दिया है। प्रशासन की ओर से किसी भी सरकारी इमारत में नमाज अदा न करने की हिदायत भी दी गई है।
स्थानीय लोगों में आक्रोश
सरकारी भवन में धार्मिक गतिविधियों के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि सरकारी संपत्ति पर नमाज कैसे अदा की जा सकती है। लोगों का कहना है कि इमारत में नमाज पढ़ने वालों की भीड़ लगातार बढ़ रही थी। ऐसे में लोगों ने नमाज अदा करने का वीडियो बनाकर इसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां बिना परमिशन के नमाज अदा की जा रही थी।
इमारत खेल विभाग को दी गई है
बताया जा रहा है कि नगर निगम ने ये इमारत खेल विभाग को दी हुई है। इस भवन में स्थानीय लोगों और खिलाड़ियों के लिए टेबल टेनिस (टीटी) हॉल बनना है। खाली पड़ी जगह (हॉल) पर लोगों ने नमाज पढ़ना शुरू किया तो स्थानीय लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया था।
विश्व हिंदू परिषद और बीजेपी मंत्री ने क्या कहा?
विश्व हिंदू परिषद के नेता सिवांचल सेमवाल ने बताया है कि ‘नगर पालिका ने बच्चों के टेनिस खेलने के लिए जमीन दी थी। जब ये जमीन टेनिस कोर्ट के लिए दे दी गई है तो हमारे एरिया के मुस्लिम लोग यहां पर नमाज पढ़ रहे थे जो कि गैर-कानूनी है क्योंकि ये जमीन उन्हें नहीं दी गई है। वे बिना इजाजत के नमाज पढ़ रहे थे और हमने एसडीएम के पास जाकर इसका विरोध भी जताया है।’
वहीं मामले पर जोशीमठ के बीजेपी महामंत्री समीर डिमरी ने कहा कि ‘पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की है। कहा जा रहा है कि पहले भी नमाज पढ़ा जा रही थी। लेकिन अब जहां नमाज पढ़ी गई है वह खेल का कमरा है। जोशीमठ एक शांत शहर है मगर जिस तरह यहां पर कुछ लोग कुकर्म कर रहे हैं वे ऐसा न करें।







