देहरादून : दूल्हे को देखते ही दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। महिला डॉक्टर से शादी करने की चाहत में एक युवक ने ऐसी साजिश रची, जिसके जाल में वह खुद फंस गया। युवक ने खुद को लेफ्टिनेंट कर्नल बताया था, लेकिन ऐन वक्त पर उसकी पोल खुल गई। लिहाजा, डॉक्टर ने आरोपी से शादी करने से इनकार कर दिया।
शहर कोतवाल विद्याभूषण नेगी ने बताया कि जीवनसाथी डॉट काम पर एक महिला चिकित्सक की मुलाकात मोहकमपुर निवासी
रोहित राणा मूल निवासी कालीमठ रुद्रप्रयाग से हुई थी। आरोपित ने खुद को सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल बताया और अपनी तैनाती जम्मू कश्मीर में बताई। इसके बाद पिछले करीब दो सालों से युवक और युवती की आपस में बातचीत कर रहे थे।
कई बार एक दूसरे से उनकी मुलाकात भी हो चुकी थी। ऐसे में दोनों ने एक दूसरे को पसंद कर लिया और शादी करने पर राजी हो गए। शनिवार को देहरादून में शादी की तारीख तय हुई थी, लेकिन इससे पहले लड़के की असलियत का पता चलने से शादी न हो सकी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
आज होनी थी शादी
शनिवार को राजपुर रोड स्थित एक होटल में दोनों की शादी होनी थी, लेकिन दूल्हन पक्ष से आए एक मेहमान को दूल्हे पर शक हो गया। क्योंकि, वे खुद सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल हैं। मेहमान ने आरोपी रोहित से पूछा कि वह कौन सी पलटन में हैं, इसके बाद पोल खुल गई।
दुल्हन ने शादी से कर दिया इनकार
आरोपी की ओर से दिए जवाब के बाद जब मेहमान ने पलटन से संपर्क करके पूछताछ की तो पता चला कि पलटन में रोहित राणा नाम का कोई भी लेफ्टिनेंट कर्नल नहीं है। आरोपित की पोल खुलने पर दुल्हन ने शादी करने से मना कर दिया और उसके खिलाफ तहरीर दे दी। पुलिस केस दर्ज कर जांच कर रही है।







