नई दिल्ली: पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) के खिलाफ NIA का ऑपरेशन मिडनाइट खत्म हो गया है। सभी NIA टीमें लौटीं आई हैं। कल रात में NIA का ऑपरेशन 1 बजे के आसपास शुरू हुआ था। इस ऑपरेशन के लिए 6 कंट्रोल रूम बनाए गए थे। बाद में यहां से और राज्यों से NIA के सीनियर अधिकारी मॉनिटर कर रहे थे। गृह मंत्रालय भी इस पूरे मामले पर नजर रख रहा था। सूत्रों ने बताया कि मंत्रालय में 3 दिन पहले एक बड़ी बैठक NIA, ED और IB के अधिकारियों की हुई थी। इसके बाद पूरे ऑपरेशन को बेहद सीक्रेट तरीके से अंजाम दिया गया। रात में ऑपरेशन को अंजाम इसलिए दिया गया ताकि PFI से जुड़े लोग हंगामा न कर सकें।
ऑपरेशन मिडनाइट में एनआईए के 200 कर्मी शामिल थे। इनमें 4 आईजी, 1 एडीजी और 16 एसपी थे। इसमें राज्य पुलिस और सीएपीएफ को भी हिस्सा बनाया गया था। इनके 1000 कर्मी इसका हिस्सा थे। कमांड सेंटर गृह मंत्रालय में बनाया गया था। 200 से ज्यादा पीएफआई के सदस्य संदेह के घेरे में थे। संबंधित टीमों को इनका पूरा ब्योरा दिया गया था।







