संभलः उत्तर प्रदेश के संभल जिले में हुए दंगे को एक महीने से अधिक समय हो गया, लेकिन अभी तक कई आरोपी फरार चल रहे हैं, जिनकी तलाश में पुलिस दिन-रात एक की हुई है. खबर है कि कई दंगाई संभल से भागकर दिल्ली में छिपे हुए हैं. हाल ही में एक दंगाई को पुलिस ने बाटला हाउस से गिरफ्तार किया था. वहीं अब एक और आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, जो संभल कोर्ट में सरेंडर करने के लिए पहुंचा था. ये आरोपी भी दिल्ली में छिपा हुआ था तो ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर इन दंगाइयों को कौन संरक्षण दे रहा है?
कोर्ट में सरेंडर करने दिल्ली से आया संभल
दिल्ली से संभल की कोर्ट में सरेंडर करने जा रहे संभल हिंसा के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. आरोपी के पास से पुलिस ने तमंचा भी बरामद किया है. संभल में हिंसा की घटना के बाद दिल्ली में आरोपी छिपकर रह रहा था. आरोपी पुलिस का दबाव बनने के बाद संभल की कोर्ट में सरेंडर करने की मंशा से संभल आया था. लेकिन खबर लगते ही नखासा थाना पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने वह तमंचा भी बरामद कर लिया, जिससे हिंसा के दौरान फायरिंग की गई थी.
दंगे के दौरान चलाई थी गोली
थाना क्षेत्र में मोहल्ला हिंदूपुरा खेड़ा और नखासा चौराहे पर 24 नवंबर को संभल हिंसा में शामिल होकर पुलिस पर फायरिंग करने के आरोपी मोहल्ला दीपासराय का रहने वाला शाजेब उर्फ शहबाज उर्फ टिल्लन को पुलिस ने गुरुवार को सूचना मिलने पर ठंडी कोठी मार्ग से गांव कल्याणपुर चौराहे की ओर से गिरफ्तार कर लिया. शाजेब की निशानदेही पर पुलिस ने तमंचा भी बरामद कर लिया. शाजेब ने बताया कि 24 नवंबर को जामा मस्जिद सर्वे के विरोध में मोहल्ला हिंदूपुरा खेड़ा व नखासा चौराहे पर होकर तमंचे से पुलिस पर फायरिंग की थी और शाजेब के साथियों ने नखासा चौराहे पर पुलिस की बाइकों में आगजनी की थी.
डर के मारे भाग गया था दिल्ली
शाजेब गिरफ्तारी के डर की वजह से दिल्ली भाग गया था. संभल हिंसा में शामिल लोगों के दिल्ली में छिपे होने की जानकारी मिलने पर पुलिस ने एक सप्ताह पहले दीपासराय निवासी अदनान को बाटला हाऊस से गिरफ्तार किया था. अदनान की गिरफ्तारी होने का पता चलने पर शाजेब को अपनी भी गिरफ्तारी का डर सताने लगा था. गिरफ्तारी से बचने के लिए शाजेब न्यायालय में हाजिर होने के लिए दिल्ली से संभल आया था. इससे पहले न्यायालय में हाजिर होता पुलिस ने शाजेब को गिरफ्तार कर लिया.
अब पुलिस शाजेब उर्फ शहबाज उर्फ टिल्लन से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि शाजेब दिल्ली में कहां पर छिपा हुआ था और उसके साथी दिल्ली में कहां रह रहे हैं. साथ ही शाजेब सहित अन्य लोगों को कौन संरक्षण दे रहा है.







