नई दिल्ली: दिल्ली में एक बार फिर पानी के लिए हाकाकार मचना शुरू हो गया है। दिल्ली जल बोर्ड के अनुसार दिवाली तक 60 से ज्यादा इलाकों में पानी का संकट रहेगा। जल बोर्ड ने इस संकट के लिए दो वजहें बताईं हैं। साथ ही दिल्लीवासियों को इस दौरान पानी का विवेकपूर्ण उपयोग करने की सलाह दी है।
दिल्ली जल बोर्ड के अनुसार, 110 एमजीडी क्षमता वाली भागीरथी डब्ल्यूटीपी और 140 एमजीडी क्षमता वाली सोनिया विहार डब्ल्यूटीपी के कच्चा पानी का मुख्य स्रोत उत्तर प्रदेश के मुरादनगर का ऊपरी गंग नहर है। यूपी सिंचाई विभाग ने वार्षिक रखरखाव के कारण इस नहर को 12 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक के लिए बंद कर दिया है। इस दौरान यूपी सिंचाई विभाग और यूपी जल निगम बैराज, रेगुलेटर की मरम्मत और रखरखाव, विभिन्न ऑनलाइन स्टोरेज की डिसिल्टिंग, मुरादनगर में टैंक स्थापित करने और नाली की मरम्मत का काम करते हैं। 20 अक्टूबर तक नहर के विभिन्न स्टोरेज में तालाब बनने के कारण दोनों डब्ल्यूटीपी को पानी मिल रहा था। लेकिन 21 अक्टूबर से इसे भी बंद कर दिया गया, जिसके बाद भागीरथी और सोनिया विहार डब्ल्यूटीपी को पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है।
दूसरी वजह यह है कि भागीरथी और सोनिया विहार जल संयंत्र अब 31 अक्टूबर 2024 की मध्यरात्रि तक कच्चे पानी के लिए यमुना नदी पर निर्भर हैं। लेकिन, यमुना के पानी में अमोनिया की मात्रा (1.5 पीपीएम से ज्यादा) अधिक होने के कारण इसे उपचारित करना मुश्किल है। इसलिए, भागीरथी और सोनिया विहार में उत्पादन क्षमता को 30 प्रतिशत तक कम कर दिया गया है।
दिवाली तक जिन इलाकों में पानी की सप्लाई बंद रहेगी उनमें, गोकुलपुरी, सोनिया विहार, करावल नगर, बाबरपुर, ताहिरपुर, दिलशाद गार्डन, नंद नगरी, शहादरा, लक्ष्मी नगर, गीता कॉलोनी, मयूर विहार, कोंडली, दल्लूपुरा, यमुना विहार, जाफराबाद, झिलमिल, मंडावली, लक्ष्मी नगर, शकरपुर, विवेक विहार, कड़कड़डूमा, जगतपुरी, शालीमार पार्क, कृष्णा नगर, पटपड़गंज, प्रीत विहार, विश्वकर्मा पार्क, ललिता पार्क, सीलमपुर, शास्त्री पार्क, ब्रह्मपुरी, कैलाश नगर, सराय काले खां, जल विहार, लाजपत नगर, मूलचंद हॉस्पिटल, ग्रेटर कैलाश, वसंत कुंज, देवली, अंबेडकर नगर, ओखला, कालकाजी, कालकाजी एक्सटेंशन, गोविंदपुरी, जीबी पंत पॉलीटेक्निक, श्याम नगर कॉलोनी, ओखला सब्जी मंडी, अमर कॉलोनी, दक्षिणपुरी, पंचशील पार्क, शाहपुर जाट, कोटला मुबारकपुर, सरिता विहार, सिद्धार्थ नगर, अपोलो, ग्रेटर कैलाश नार्थ, मालवीय नगर, डीयर पार्क, गीतांजलि, श्रीनिवास पुरी, ग्रेटर कैलाश साउथ, छतरपुर के अलावा एनडीएमसी से जुड़े इलाके शामिल हैं।






