नई दिल्ली: देश की राष्ट्रीय राजधानी समेत कई राज्यों में रविवार को हल्की बारिश हुई, जिससे लोगों उमस से राहत मिली है. भारत के मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, रविवार को अधिकतम तापमान दिल्ली में 37.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत तापमान से दो डिग्री अधिक है. उधर उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के कारण गोमुख मार्ग के कई जगह क्षतिग्रस्त होने के मद्देनजर गंगोत्री पार्क प्रशासन ने लोगों के गोमुख जाने पर रोक लगा दी है. मुंबई और इसके उपनगरों में पिछले 24 घंटों में भारी बारिश हुई है. राजस्थान के कई जिलों में बीच बारिश हुई है.
पूरे उत्तर भारत में बारिश का अलर्ट
असल में मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में पूरे उत्तर भारत में बारिश का अलर्ट जारी किया है. इसके अलावा मध्य प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र, दक्षिण गुजरात, विदर्भ, तेलंगाना के कुछ हिस्सों और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. इसके अलावा लक्षद्वीप, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, मराठवाड़ा, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.







