नई दिल्ली। क्राइम सीन के बेहतर विश्लेषण के लिए दिल्ली पुलिस एक थ्रीडी लेजर उपकरण खरीदेगी। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इसके खरीद के लिए अपनी मंजूरी दे दी है और इस थ्रीडी उपकरण की कुल कीमत एक करोड़ बताई गई है। दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि इस उपकरण और साफ्टवेयर की मदद से क्राइम सीन को बेहतर ढंग से रिक्रिएट किया जा सकेगा।
जल्द दिल्ली लाया जाएगा उपकरण
फिलहाल यह उपकरण गुजरात के नेशनल फोरेंसिक साइंसेस युनिवर्सिटी के पास है। इसे जल्द वहां से दिल्ली लाया जाएगा। क्राइम ब्रांच के विशेष आयुक्त रवींद्र सिंह यादव ने बताया कि यह उपकरण दिल्ली पुलिस की फारेंसिक क्षमताओं को बढ़ाएगा। उपकरण आने के बाद महत्वपूर्ण क्राइम स्पाट का फोरेंसिक मूल्यांकन और सजा की दर बढ़ने में मदद मिलेगी।
मामले को समझने में मिलेगी मदद
उन्होंने बताया कि अदालत को भी मामले को बेहतर ढंग से समझने में मदद मिलेगी। अभी तक दिल्ली पुलिस क्राइम सीन से जुड़े स्केच के लिए स्केच बनाने वालों की मदद लेती थी, लेकिन अब इस थ्रीडी उपकरण के आने के बाद दस्तावेजों के डिजिटिलीकरण को आसानी से किया जा सकेगा। यह थ्रीडी उपकरण के अंदर लेजर स्कैनिंग डिवाइस लगी है, जिसकी रेंज 250 मीटर तक है। इसके साथ इसमें हाई रिजाल्यूशन वाले कैमरे भी लगे हैं। इसकी मदद से शानदार फोटोग्राफ मिलेंगी, जिससे स्पॉट मैप को बनाने में भी आसानी होगी।
उपकरण की पहले ली जा चुकी है मदद
बता दें कि दिल्ली पुलिस पहले भी इस तरह के उपकरण का उपयोग कर चुकी है। वर्ष 2019 में अनाज मंडी और होटल अर्पित पैलेस में हूए अग्निकांड में इस उपकरण का इस्तेमाल किया जा चुका है। इससे पुलिस को जांच में बहुत मदद मिली थी। उस दौरान पुलिस ने केंद्रिय जांच एजेंसी से यह उपकरण जांच के लिए लिया था। इस उपकरण का इस्तेमाल क्राइम सीन जैसे हत्या, सड़क दुर्घटना, बम धमाका और अग्निकांड आदि की जांच में किया जाएगा।
यह हैं विशेषताएं
- इस उपकरण की मदद से पुलिसवालों को क्राइम सीन बनाने में मदद मिलेगी।
- यह डिवाइस पोर्टेबल है यानी आप इसे कहीं भी लेकर जा सकते हैं। यह क्राइम स्पॉट में 360 डिग्री इमेज देगा।
- गोली कितनी सटीकता और उसकी क्या ट्रेजेक्ट्री रही इसकी जानकारी भी इस उपकरण की मदद से मिल जाएगी।
- यह एक लेजर स्कैनिंग डिवाइस है जिसकी रेंज 250 मीटर तक है। यह हाई रिजॉल्यूशन वाली तस्वीरें भी ले सकता है।
- यह उपकरण नमी और ठंड की स्थिति में भी अच्छे से काम कर सकता है। यही नहीं यह क्राइम स्पाट पर पड़े खून के धब्बों को भी बेहतर एनालाइज कर सकता है।







