प्रकाश मेहरा
डासना, गाजियाबाद। यति नरसिंहानंद गिरी ने एक वीडियो जारी कर देश के प्रमुख हिंदूवादियों को सतर्क रहने का आह्वान किया है। डासना स्थित शिवशक्ति धाम के पीठाधीश्वर और Juna Akhara के महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद गिरी ने Dasna से जारी अपने वीडियो संदेश में दावा किया कि यूजीसी एक्ट लाने वाले लोग अब अपने समर्थकों की नाराजगी से घबराए हुए हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि हिंदुओं को डराने के लिए इस्लामिक जिहादियों के जरिए देश के कुछ प्रमुख हिंदू नेताओं की हत्या की साजिश रची जा सकती है। उनके मुताबिक ऐसा माहौल बनाने की कोशिश हो सकती है जिससे तथाकथित सवर्ण समाज डर जाए और यूजीसी एक्ट जैसे मुद्दों को भूलकर फिर से उन्हीं लोगों को समर्थन दे।
यति नरसिंहानंद गिरी ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार हिंदूवादी नेताओं को पर्याप्त सुरक्षा देने के बजाय शस्त्र लाइसेंस तक नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि इस कथित योजना में उनका नाम भी पहले नंबर पर बताया जा रहा है। वीडियो संदेश में उन्होंने हिंदू समाज से अपील की कि अगर उनकी हत्या हो भी जाती है तो उससे डरना नहीं चाहिए। हालांकि, इन दावों को लेकर सरकार या प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।







