नई दिल्ली. दिल्ली मेट्रो सेंट्रल विस्टा देखने के इच्छुक लोगों के लिए शुक्रवार से एक सप्ताह के लिए ई-बस सेवा उपलब्ध कराएगी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार शाम नव-निर्मित कर्तव्य पथ का उद्घाटन करेंगे. ‘कर्तव्य पथ’ राष्ट्रपति भवन से इंडिया गेट तक का मार्ग है, जिसे पहले राजपथ कहा जाता था. दिल्ली मेट्रो ने गुरुवार को एक बयान जारी किया कि वह उद्घाटन के बाद 9 सितंबर से इंडिया गेट या सेंट्रल विस्टा जाने वालों के लिए बस सेवा मुहैया कराएगी.
आगंतुक भैरों रोड, राजघाट, कनॉट प्लेस (पालिका बाजार पार्किंग के पास) और जेएलएन स्टेडियम से बसों में सवार हो सकते हैं. दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने कहा कि दिल्ली मेट्रो द्वारा लगाई गईं इलेक्ट्रिक बसें भैरों रोड से आगंतुकों को ले जाएंगी और सी-हेक्सागन के सामने नेशनल स्टेडियम के गेट नंबर 1 पर उतारेंगी, जहां से इंडिया गेट या सेंट्रल विस्टा तक पैदल पहुंचा जा सकता है. यह सुविधा शुरू में एक सप्ताह के लिए उपलब्ध होगी. बयान में कहा गया है कि मार्ग पर 12 बसों का संचालन किया जाएगा. ये बसें शाम 5 बजे से आगंतुकों के लिए उपलब्ध होंगी और अंतिम बस रात 9 बजे होगी.
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इंडिया गेट के सामने सेंट्रल विस्टा एवेन्यू का उद्घाटन गुरुवार को कर दिया है. इसके साथ ही राजपथ अब इतिहास बन चुका है. अब इसे कर्तव्य पथ के नाम से जाना जाएगा. इससे पहले पीएम मोदी ने कर्तव्य पथ पहुंचकर इंडिया गेट के सामने नेताजी सुभाषचंद्र बोस की प्रतिमा का अनावरण किया. 19 महीने तक लगातार चले काम के बाद सेंट्रल विस्टा एवेन्यू बनकर तैयार हुआ है. 9 सितंबर से लोग यहां घूम सकेंगे. पीएम ने कहा कि वो कर्तव्य पथ के लिए काम करने वाले सभी श्रमजीवियों को 2023 में गणतंत्र दिवस की परेड के लिए आमंत्रित करेंगे.







