नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दिल्ली में हुए कथित शराब घोटाले को लेकर अपनी बातें रखीं हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में कोई शराब घोटाला नहीं हुआ, आम आदमी पार्टी एक कट्टर ईमानदार पार्टी है। तथाकथित शराब घोटाले के पीछे BJP का षड्यंत्र है। शराब घोटाले की कहानी प्रधानमंत्री कार्यालय ने ED-CBI को सुनाई और बोला कि इसके इर्द-गिर्द सबूत ढूंढो।
दिल्ली में नहीं हुआ शराब घोटाला
दिल्ली के सीएम केजरीवाल ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जारिए मुखातिब होते हुए कहा कि दिल्ली में कोई शराब घोटाला नहीं हुआ है। यह बात हम लोग शुरू से कह रहे हैं, लेकिन भाजपा वाले आरोप लगा रहे हैं कि आम आदमी पार्टी ने साउथ की लॉबी से 100 करोड़ रुपये रिश्वत ली है। इनके इशारे पर ईडी ने भी पहले यही कहा, फिर कहा कि 100 करोड़ में से 70 करोड़ का कोई सुबूूत नही मिला है। इसके बाद ईडी ने अपनी चार्जशीट में 30 करोड़ की बात की और कहा गया कि यह पैसा गोवा चुनाव में खर्च किया गया। कहा गया कि यह पैसा राजेश जोशी के माध्यम से गोवा भेजा गया।
अदालत को नहीं मिला कोई प्रमाण
उन्होंने आगे कहा- मगर अदालत को इस बात का कोई प्रमाण नहीं मिला है। कहा गया कि गोवा चुनाव में यह पैसा खर्च किया गया, पर वहां ईडी को जांच में 30 लाख की जानकारी मिली है। यह हमारी ईमानदारी का सुबूत है कि कोई पार्टी एक राज्य में चुनाव केवल 19 लाख में लड़ लेती है। आज प्रधानमंत्री की ईमानदारी पर सवाल उठ रहे हैं, तो भाजपा हमें निशाना बना रही है, क्योंकि देश में एक ही पार्टी है जो ईमानदारी की बात करती है। आज सीबीआइ और ईडी को भाजपा चला रही है। भाजपा और प्रधानमंत्री जो कहानी बनाकर देते हैं ।वही, ईडी सीबीआइ बोलने लगती है।
भाजपा देती है जांच एजेंसियों को स्टोरी
अब भाजपा वाले कह रहे हैं कि केजरीवाल को गिरफ्तार करेंगे, तो कर लें, हमे धमकी क्यों दे रहे हैं। बात साफ है ईडी और सीबीआइ को जो करना होता है वह भाजपा पहले से ही बोलने लगती है। इससे भी साफ है भाजपा ही इन्हें स्टोरी बनाकर देती है और जो कहती है ये करने लगते हैं और बाद में सुबूत ढूंढते हैं।
दिल्ली में जल्द चलेंगी प्रीमियर बसें
वहीं, केजरीवाल ने अपनी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में आगे दिल्ली के ट्रांसपोर्ट पर बात करते हुए कहा कि दिल्ली में वाहन बहुत ज्यादा हैं, उसका कारण कार और दो पहिया बहुत हैं। इसे कम करने के लिए एक ही रास्ता है कि सार्वजनिक परिवहन बेहतर औरर निर्धारत समय वाला बनाया जाएगा। दिल्ली में बसें हैं, मगर अभी मध्यम और निम्न वर्ग के लोग ही बसों का इस्तेमाल करते हैं। अभी उच्च या मध्यम उच्च वर्ग उपयोग नहीं कर रहा है, अगर वह बसों से आना जाना शुरू कर देंगे तो बसों में सीट मिलेगी या नहीं, इसकी गारंटी नही है।
बसों की अनुमति के लिए LG को भेजा पत्र
अब हम प्रीमियम बसें लेकर आ रहे हैं। इसके तहत सीट की गारंटी होगी। सीट पहले ही बुक हो जाएगी। तीन साल से पुरानी बस नहीं होगी। यह सभी बसें सीएनजी की होंगी। खास बात यह है कि बसों के रूट एग्रीगेटर यानी बसों के मालिक तय करेगा। बसों में कोई सवारी खड़ी नही होगी।बसें वातानुकूलित होंगी। आज हम इसे अनुमति के लिए एलजी के पास भेज रहे हैं।







