नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता के बीच दिल्ली सरकार ने महिला यात्रियों के लिए लेडीज स्पेशल बस सेवा शुरू की है. खास बात यह है कि इन बसों में महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिए दिल्ली पुलिस की दो महिला कांस्टेबल भी तैनात रहेंगी. इसका उद्देश्य सफर के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकना और महिलाओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है.
दिल्ली के कालकाजी स्थित आस्था कुंज पार्क में गैंगरेप की घटना के बाद महिला सुरक्षा को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं. इस घटना के बाद कॉलेजों और अलग अलग इलाकों में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर प्रदर्शन भी हुए. इसके बाद दिल्ली सरकार और दिल्ली पुलिस की ओर से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए कई कदम उठाए जा रहे हैं.
महिला सुरक्षा को लेकर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली के उपराज्यपाल और दिल्ली पुलिस कमिश्नर के बीच हाई लेवल बैठक भी हुई. इसके बाद दिल्ली पुलिस ने पिंक बूथ पर सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक महिला सब इंस्पेक्टरों की तैनाती का फैसला किया. वहीं, महिलाओं के सुरक्षित सार्वजनिक परिवहन को लेकर लेडीज स्पेशल बस सेवा शुरू की गई है.
बस में महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी
बस में सफर कर रही महिला यात्री खुशबू ने कहा कि महिलाओं के लिए स्पेशल बस शुरू करना अच्छा कदम है. खासकर नौकरीपेशा महिलाओं को इससे फायदा मिलेगा, जिन्हें देर शाम काम से लौटना पड़ता है. उन्होंने कहा कि बस में महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी से यात्रियों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ेगा. एक अन्य यात्री कुसुम ने कहा कि सामान्य बसों में भीड़ के दौरान महिलाओं को कई बार धक्का मुक्की और छेड़खानी जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ता था.
उन्होंने कहा कि लेडीज स्पेशल बस में केवल महिला यात्रियों के सफर करने से ऐसी परेशानियां कम होने की उम्मीद है. महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती से सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी. बस चालक कुलदीप सिंह ने भी इसे महिलाओं की सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया. उन्होंने कहा कि बस में महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी से गलत गतिविधियों पर रोक लगाने में मदद मिलेगी और यात्रियों को सुरक्षित माहौल मिलेगा.
56 विशेष लेडीज स्पेशल इलेक्ट्रिक बस सेवाएं शुरू
दिल्ली सरकार के अनुसार, महिलाओं और छात्राओं के सुरक्षित और आरामदायक सफर के लिए 56 विशेष लेडीज स्पेशल इलेक्ट्रिक बस सेवाएं शुरू की गई हैं. ये बसें राजधानी के 28 व्यस्त रूटों पर चल रही हैं. इसके अलावा दिल्ली विश्वविद्यालय के विभिन्न कॉलेजों को जोड़ने के लिए 26 यूनिवर्सिटी लेडीज स्पेशल (U SPL) बसें भी संचालित की जा रही हैं. इनमें हिंदू कॉलेज, रामजस कॉलेज, दौलत राम कॉलेज, एसआरसीसी, एलएसआर और गार्गी कॉलेज जैसे प्रमुख संस्थान शामिल हैं. इन बसों में सीसीटीवी कैमरे, पैनिक बटन और लो फ्लोर रैंप जैसी सुविधाएं दी गई हैं. जरूरत के अनुसार बस मार्शल या महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती भी की जा रही है.






