देहरादून : उत्तराखंड ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2023 को लेकर संयुक्त राज्य अमीरात (यूएई) दौरे के दूसरे दिन निवेश के लिहाज से बड़ी कामयाबी मिली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी में 3550 करोड़ के एमओयू हुए। यूएई में दो दिन के भीतर कुल 15475 करोड़ के निवेश प्रस्तावों को मंजूरी मिल चुकी है।
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सभी उद्योग घरानों को आठ और नौ दिसंबर को देहरादून में आयोजित होने वाले इन्वेस्टर्स समिट का निमंत्रण भी दिया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत भी मौजूद रहे। बुधवार को लूलू ग्रुप के साथ रियल एस्टेट सेक्टर में 1000 करोड़, हायपर मार्केट के साथ हॉस्पिटेलिटी सेक्टर में 500 करोड़ और फूड पार्क को 250 करोड़ एमओयू हुआ।
एसीटी फैसिलिटिज मिडिल ईस्ट के साथ हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में 1500 करोड़, रिजेन्ट ग्लोबल के साथ फार्मा सेक्टर में निवेश को 300 करोड़ के एमओयू हुए। इससे पहले मंगलवार को 11925 करोड़ के एमओयू साइन हुए थे। सीएम धामी ने बुधवार को अबु धाबी में इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टेड एकाउन्टेंट्स ऑफ इंडिया के कार्यक्रम में कहा कि टूरिज्म, वेलनेस और हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री के साथ-साथ उत्तराखण्ड में अनेक नए और गैर परंपरागत उद्योगों को विकसित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री धामी ने अबुधाबी में निर्माणाधीन मंदिर में कार सेवा की
मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने यूएई दौरे के दौरान बुधवार को अबुधाबी में निर्माणाधीन बीपीएस हिंदू मंदिर में ईंटे रखकर कार सेवा की। इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि अबूधाबी में यह अदभुत हिंदू मंदिर बन रहा है। यहां पर हिंदू धर्म को स्थापित करने और मंदिर का निर्माण का जो कार्य चल रहा है, यह हम सबके लिए गौरव के क्षण हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से इस मंदिर का कार्य हो रहा है। मुख्यमंत्री ने इस मंदिर के निर्माण के लिए लगे सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। कहा कि यह हिंदू मंदिर सांस्कृतिक विरासत, मूल्यों, सद्भाव और हिंदू परंपराओं को बढ़ावा देने का कार्य भी करेगा। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत भी मौजूद रहे।
यूएई के साथ होगी नए शहरों की स्थापना
सीएम धामी ने कहा कि रियल स्टेट क्षेत्र में यूएई ने बड़ी प्रगति की है। यहां की प्रसिद्ध इमारतें विश्व में एक बड़ा कीर्तिमान स्थापित कर चुकी हैं। उत्तराखंड भी अपने शहरों का सुनियोजित विकास और नये शहरों की स्थापना को यूएई के साथ सहयोग का इच्छुक है। सरकार निवेशकों को राज्य में सभी प्राथमिक आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने को हमेशा तत्पर है।
यही वजह है, जो लन्दन, बर्मिंघम और दिल्ली रोड शो में 40 हजार करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए। सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन से उत्तराखंड में पांच वर्षों में करीब 1 लाख 50 हजार करोड़ से अधिक की परियोजनाएं स्वीकृत हुई हैं।







