नई दिल्ली: 2024 के लोकसभा चुनावों (Lok Sabha Election 2024) के लिहाज से यूपी (UP) के बाद बेहद अहम और उत्तर भारत के हिंदी हार्टलैंड के तीन राज्यों मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के चुनावों में करारी हार के कुछ दिनों बाद कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे (Mallikarjun Kharge) ने कांग्रेस कार्य समिति (CWC) की बैठक बुलाई है, जो पार्टी की सर्वोच्च निर्णय लेने वाली संस्था है. यह बैठक 21 दिसंबर को बुलाई गई है. सीडब्ल्यूसी की बैठक तीन राज्यों में पार्टी की हार और हाल ही में संसद में बड़े पैमाने पर सुरक्षा चूक के मद्देनजर हो रही है.
सांसदों के निलंबन पर चर्चा संभव
इस अहम बैठक में 14 सांसदों – 13 लोकसभा से और एक राज्यसभा से के शीतकालीन सत्र के शेष समय के लिए निलंबन पर भी चर्चा हो सकती है. 19 दिसंबर को भारतीय राष्ट्रीय विकास समावेशी गठबंधन (इंडिया) ब्लॉक की बैठक निर्धारित की गई है. पार्टी नेता ने कहा कि सीडब्ल्यूसी के दौरान 2024 के लोकसभा चुनाव की तैयारी के लिए पार्टी की रणनीति सहित कई मुद्दों पर चर्चा की जाएगी.
पिछली बैठक में क्या हुआ था?
CWC की पिछली बैठक सितंबर में हुई थी. जिसमें पांच राज्यों में हाल ही में खत्म हुए विधानसभा चुनावों को लेकर रणनीति बनी थी. उस बैठक में सनातन धर्म के विरोध को लेकर भी चर्चा हुई थी. तब सूत्रों के हवाले से कहा गया था कि राहुल गांधी ने कहा था कि सनातन धर्म विवाद में शामिल होने के बजाय नेताओं को गरीबों और उनके मुद्दों पर फोकस करना चाहिए क्योंकि वो पार्टी के पारंपरिक वोट बैंक रहे हैं. हालांकि पार्टी ब्रीफिंग में इस बारे में पूछे जाने पर पार्टी के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने कहा कि सीडब्ल्यूसी की बैठक में सनातन धर्म के मुद्दे पर चर्चा नहीं हुई थी.







